BJP के सौरभ जोशी चंडीगढ़ के नए मेयर बने
चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत हुई है। नए मेयर सौरभ जोशी बन गए हैं। भाजपा को 18 वोट मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को सात और आप उम्मीदवार को 11 वोट मिले है। वोटिंग से पहले ही भाजपा पार्षद सौरव जोशी को बधाई दे दी गई थी।
सौरभ जोशी चंडीगढ़ के 29वें मेयर बने हैं। इस बार चुनाव सिक्रेट बैलेट वोटिंग की जगह पार्षदों के हाथ खड़े कर हुआ। पहली बार तीनों पार्टियां मेयर का चुनाव लड़ रही थीं। पिछले 2 चुनाव में AAP और कांग्रेस का गठबंधन था।
मेयर पद का चुनाव जीतने के बाद सौरभ जोशी भावुक हो गए और भाषण देते हुए बोले कि मेरे पिता ने कहा था कि तुम सही रास्ते पर चलो, सब बेहतर होता जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे मेरे वार्ड के बुजुर्गों और युवाओं का खूब साथ मिला है।
वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर पद पर भी भाजपा के उम्मीदवार जसमनप्रीत सिंह की जीत हुई है। आप के 11 पार्षदों ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार मुन्नवर राणा के पक्ष में मतदान किया था।
इसके बाद डिप्टी मेयर पद के चुनाव में भी भाजपा की सुमन शर्मा की 18 वोट पाकर जीत हुई। वहीं, आप की जसविंदर कौर को 11 वोट मिले। आजाद उम्मीदवार खड़े हुए आप नेता रामचंद्र ने पहले ही नॉमिनेशन वापस ले लिया था और कांग्रेस नेता सदन छोड़कर जा चुके थे।