{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Talu Village Bhiwani Blood Donation Camp: शहीद भगत सिंह जयंती पर गांव तालु में रक्तदान शिविर, 61 युवाओं ने किया रक्तदान

भिवानी के गांव तालु में शहीद भगत सिंह जयंती पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 61 लोगों ने रक्तदान किया।
 

अमर शहीद भगत सिंह जयंती पर गांव तालु में रक्तदान शिविर का आयोजन, 61 ने किया रक्तदान

शहीद भगत सिंह का जीवन नि:स्वार्थ सेवा का है प्रतीक : मोनू भगत सिंह

एक यूनिट रक्त बचा सकता है किसी की जान : राजेश डुडेजा

भिवानी, 28 सितंबर : अमर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सोमवार को गांव तालु में एक विशेष रक्तदान शिविर का गांव के सरपंच सुरेश कुमार की अगुवाई मेआयोजित किया गया। यह शिविर कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से जंग लड़ रहे मरीजों की सहायता करने तथा उनके जीवन में नई उम्मीद की किरण जगाने के उद्देश्य से लगाया गया था। शहीद भगत सिंह सेवा ट्रस्ट व सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट व गांव तालु की पंचायत द्वारा आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढकऱ भाग लिया और रक्तदान कर अमर शहीद को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एम्स) बाढ़सा से आई विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने विशेष रूप से शिरकत की और पूरी चिकित्सीय देखरेख के साथ रक्त एकत्र करने की प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया। शिविर का आयोजन शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान 61 ने रक्तदान किया, जिन्हे बैज लगाकर व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शहीद भगत सिंह सेवा ट्रस्ट के प्रधान मोनू भगत सिंह व गो सेवक संजय परमार ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों का बलिदान दे दिया था। आज के समय में समाज की सेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देना है।

कैंसर एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जिसमें मरीजों को नियमित और समय पर रक्त तथा प्लेटलेट्स की अत्यधिक आवश्यकता होती है। जब कोई व्यक्ति रक्तदान करता है, तो वह केवल खून की कुछ बूंदें नहीं देता, बल्कि किसी कैंसर पीडि़त परिवार की खुशियों को वापस लौटाने का काम करता है। हमारा ट्रस्ट आगे भी इस तरह के सामाजिक और मानवीय कार्यों को निरंतर आयोजित करता रहेगा। शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा व सरपंच सुरेश ने कहा कि कैंसर की बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को अक्सर सही समय पर रक्त उपलब्ध न होने के कारण भारी मानसिक और शारीरिक पीड़ा से गुजरना पड़ता है। ऐसे में आपका दिया हुआ महज एक यूनिट खून किसी लाचार मरीज के लिए जीवन का आधार बन सकता है। समाज के हर स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर आगे आकर रक्तदान करना चाहिए, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज न रुके। इस अवसर पर स्कूल स्टॉफ व दलजीत तालु सहित गांव तालु के समस्त ग्रामीण उपस्थित रहे।