मुक्केबाज नुपूर श्योराण व पूजा बोहरा का किया स्वागत
भिवानी।
हाल ही में लंदन के लिवरपुल में आयोजित हुए वल्र्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता महिला मुक्केबाज नुपूर श्योराण व कास्य पदक विजेता पूजा बोहरा का कैप्टन हवासिंह बॉक्सिंग अकादमी में पहूंचने पर खिलाडिय़ों व खेल प्रेमियों द्वारा फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
यह जानकारी देते हुए अकादमी में महासचिव प्रीतम दलाल ने बताया कि विजेता खिलाडिय़ों का स्वागत भीम अवार्डी कोच संजय श्योराण व अकादमी अध्यक्ष डा. एलबी गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। दोनों विजेता खिलाडिय़ों ने अपनी सफलता का श्रेय भीम अवार्डी कोच संजय श्योराण को दिया है।
विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए भीम अवार्डी कोच संजय श्योराण ने बताया कि हमें महिला मुक्केबाज नुपूर श्योराण व पूजा बोहरा पर नाज है। वर्षा पहले कैप्टन हवासिंह ने भिवानी में बॉक्सिंग खेल का एक छोटा सा पौधा लगाया था आज वह पौधा वट वृक्ष का रूप धारण कर चुका है।
बॉक्सिंग के खिलाडिय़ों ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर भिवानी को मिनी क्यूबा के रूप में एक नई पहचान दी है। संजय श्योराण ने बताया कि वल्र्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जिले की तीन बेटियों ने स्वर्ण, रजत व कास्य पदक जीते हैं। इनमें से स्वर्ण पदक विजेता जेसमीन लोबोरिया की शुरूआत भी कैप्टन हवासिंह बॉक्सिंग अकादमी से हुई थी।
इस अवसर पर इंट्रनेशनल बॉक्सर दिया शर्मा, अंजली, कैप्टन बन्नी सिंह, धर्म मलिक, राजेश कुमार बुलटेन, एडवोकेट सुधीर यादव, दीपक रेकवार, राजबीर, राजेन्द्र सिंह, कुलबीर दलाल, दीपक दलाल आदि उपस्थित रहे।