Handball Tournament Updates: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उर्मिला सांगवान और कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने किया शुभारंभ, सजी हरियाणवी संस्कृति की छटा
बीआरसीएम में नॉर्थ जोन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का रंगारंग शुभारंभ, विभिन्न राज्यों के 22 विश्वविद्यालयों से 300 खिलाड़ियों ने की सहभागिता
भिवानी/बहल, 18 नवंबर। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी एवं एआईयू द्वारा बीआरसीएम एजुकेशन सोसाइटी, बहल में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल महिला चैंपियनशिप 2026-27 का भव्य शुभारंभ आज बीआरसीएम विद्याग्राम कैंपस, बहल में हुआ। चैंपियनशिप 18 से 21 नवंबर तक चलेगी।
चैंपियनशिप का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी एशियन गेम्स श्रीमती उर्मिला सांगवान, विशिष्ट अतिथि डॉ. एस.के. सिन्हा निदेशक बीआरसीएम एवं कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. भावना शर्मा कुलसचिव, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, एआईयू आब्जर्वर डॉ हरीश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
अध्यक्षता कर रही प्रो. भावना शर्मा, कुलसचिव ने कहा कि विश्वविद्यालय महिला सशक्तिकरण के लिए खेलों को बढ़ावा दे रहा है। यह चैंपियनशिप निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित वातावरण में आयोजित होगी। यहां से चयनित टीमें ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में नॉर्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी। खेल हमारे समग्र विकास और चरित्र निर्माण के मुख्य आधार हैं। हमारे लिए बड़े गर्व एवं हर्ष की बात है कि आज बेटियां खेलों में भी विश्व पटल पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति एवं मेजबान बीआरसीएम संस्थान की सराहना की। खेल में हार जीत होती रहती है इसलिए खिलाड़ियों को खेल को खेल की सदभावना के साथ खेलना चाहिए।
बतौर मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती उर्मिला सांगवान ने कहा कि हैंडबॉल केवल खेल नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रतीक है। आज इस मैदान पर खड़ी लगभग 300 बेटियां देश की भविष्य की चैंपियन हैं। मैंने भी इसी तरह की यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप से एशियन गेम्स तक का सफर तय किया है। अनुशासन और टीम भावना से ही जीत मिलती है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. एस.के. सिन्हा, निदेशक बीआरसीएम ने कहा बीआरसीएम के लिए यह गौरव का क्षण है कि हमें इस राष्ट्रीय स्तर के खेल महाकुंभ की मेजबानी का अवसर मिला है। खेलों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्था ने खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और बेहतर स्तर के हैंडबॉल कोर्ट की सर्वोत्तम व्यवस्था की है। हम बेटी बचाओ-बेटी खिलाओ के संकल्प को साकार कर रहे हैं।
आयोजन सचिव प्रो. (डॉ.) सुरेश कुमार मलिक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के लगभग 22 विश्वविद्यालयों की 350 महिला खिलाड़ी, 80 कोच एवं मैनेजर भाग ले रहे हैं। विश्वविद्यालय की खेल परिषद और बीआरसीएम आयोजन समिति ने सभी टीमों का स्वागत एवं अभिनंदन किया है। धन्यवाद एवं आभार स्पोर्ट्स काउंसिल के उपाध्यक्ष डॉ वजीर सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की म्यूजिक एवं विजुअल आर्ट की छात्राओं ने हरियाणवी लोक गीतों पर नृत्य कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समाँ बांधा।
कार्यक्रम में स्पोर्ट्स काउंसिल उपाध्यक्ष डॉ वजीर सिंह, डॉ लखा सिंह, बीआरसीएम से प्राचार्य डॉ अनुज शर्मा,डॉ सुनील शुक्ला,राजेश झंझडिया,संदीप टंडन, रजिस्ट्रार श्री पवन पंघाल, डॉ संजय गौड़,ऋषि शर्मा पीआर सेल कॉर्डिनेटर, ,सुपरवाइजर रविंद्र शर्मा, कोच मंजीत ढांडा,अजमेर कोच,प्रोग्रामर राकेश यादव, राम घनघस, अंजू,रजत,अमित, संजू,मनीष सहित सीबीएलयू एवं बीआरसीएम के स्टाफ, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।