PM Modi BRICS Dinner New Delhi: गाला डिनर में परोसे गए खास भारतीय व्यंजन, 160 कलाकारों ने दी 'BRICS सिम्फनी' की शानदार प्रस्तुति
भारत की मेजबानी में नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को BRICS समिट हो रहा है. शनिवार को समिट के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS देशों के नेताओं और दूसरे मेहमानों के लिए गाला डिनर रखा. हालांकि, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस डिनर में शामिल नहीं हुए.
सूत्रों के मुताबिक, जिनपिंग डिनर में जाने के बजाय अपने होटल लौट गए. एक सूत्र ने बताया कि वह आराम करने के लिए होटल गए थे. हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है. जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे. उन्होंने BRICS समिट में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की.
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस भी नहीं पहुंचे
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी गाला डिनर में शामिल नहीं हुए. वह दिन में BRICS समिट में हिस्सा लेने के बाद अपने देश लौट गए थे. वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और BRICS के दूसरे नेता डिनर में मौजूद रहे.
डिनर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी पहुंचे. केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री संसद भवन से दो बसों में भारत मंडपम पहुंचे.
डिनर में क्या-क्या परोसा गया?
गाला डिनर में मेहमानों को कई खास भारतीय व्यंजन परोसे गए. मेन्यू में खंडवी मिले-फुई, खुम्ब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मर्मिक, गाजर-फली पोरियल, चुकंदर रायता और मिलेट पुलाव शामिल थे. मिठाई में ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी परोसी गई.
160 कलाकारों ने दी ‘BRICS सिम्फनी’ प्रस्तुति
डिनर के दौरान करीब 160 कलाकारों ने ‘BRICS Symphony One Rhythm, Many Cultures’ कार्यक्रम पेश किया. इसमें भारतीय कलाकारों ने भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी और कथक जैसे शास्त्रीय नृत्य पेश किए. BRICS के दूसरे सदस्य देशों के संगीतकारों ने भी इसमें हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम का आयोजन विदेश मंत्रालय की सांस्कृतिक संस्था इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (ICCR) ने किया. इसका उद्देश्य BRICS देशों की अलग-अलग संस्कृतियों और सभ्यताओं को संगीत और नृत्य के जरिए एक साथ दिखाना था.
BRICS में अब 11 सदस्य देश हैं. 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, UAE और सऊदी अरब जुड़े, जबकि 2025 में इंडोनेशिया सदस्य बना. वहीं बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, क्यूबा, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम BRICS के पार्टनर देश हैं.