{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में Bsc छात्र पर वैश्य कॉलेज में हमला 

 

भिवानी शहर के प्रतिष्ठित वैश्य कॉलेज में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीएससी प्रथम वर्ष के एक छात्र पर दर्जन भर युवकों ने कैंपस के भीतर घुसकर जानलेवा हमला कर दिया।

हमलावर काली स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मारपीट के कारण घायल छात्र अपना अंग्रेजी का पेपर भी नहीं दे सका। 

दादरी गेट स्थित लक्ष्मी नगर निवासी पीड़ित छात्र लक्ष्य ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी को उसका अंग्रेजी विषय का पेपर था। वह परीक्षा समय से पहले कॉलेज पहुंचा और लाइब्रेरी के पास एक बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी वहां आकर रुकी, जिसमें से 8-10 युवक नीचे उतरे और बिना कुछ कहे लक्ष्य पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।

लक्ष्य के अनुसार, हमलावरों में कॉलेज के ही कुछ छात्र शामिल थे। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि लक्ष्य को शरीर पर काफी गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर जब तक अन्य लोग मदद के लिए पहुंचे, आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ी में सवार होकर भाग निकले। हमले के बाद घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सिटी थाना भिवानी ने लक्ष्य की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।