पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर पशु व्यापारी की मौत
भिवानी
मुंढाल में पिकअप और बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें घायल बाइक सवार पशु व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही मुंढाल कला पुलिस टीम मौके पहुंची और जांच में जुट गई।
मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान भिवानी जिले के गांव तालु के करीब 72 वर्षीय रूप के रूप में हुई है।
पुलिस चौकी मुंढाल कलां के इंचार्ज एएसआई दीपक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी। जिसमें बताया कि भिवानी-मुंढाल रोड पर मुंढाल के नजदीक एक एक्सीडेंट हुआ है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे, तो घायल सड़क पर पड़ा हुआ था। वहां पर एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी हुई थी। जिसे भिवानी के नागरिक अस्पताल में भेजा।
जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि किसी पिकअप ने इसे टक्कर मारी है। एक्सीडेंट के बाद पिकअप ड्राइवर मौके से भाग गया।
मृतक के परिजनों के अनुसार गांव तालु के रूप भैंसों के लेनदेन का काम (व्यापार) करते थे, जो मुंढाल से अपने गांव तालु की तरफ आ रहे थे। इसी बीच यह एक्सीडेंट हुआ है। वहीं मृतक के भतीजे सुभाष के बयान पर पिकअप ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।