चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय ने यूजी प्रवेश की अंतिम तिथि 13 जून तक बढ़ाई, बढ़ाई गईं सीटें
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) ने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 जून तक बढ़ा दी है। सीटों में भी बढ़ोत्तरी की गई है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
भिवानी 11जून।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में छात्रों की भारी मांग को देखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि 13 जून तक बढ़ा दी है। साथ ही कई पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल और एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि विश्वविद्यालय परिसर और ऑनलाइन पोर्टल पर विद्यार्थियों और अभिभावकों में अभूतपूर्व उत्साह है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि रोजगारोन्मुखी और कौशल आधारित पाठ्यक्रम, आधुनिक अधोसंरचना, अनुभवी संकाय और छात्र केंद्रित सुविधाओं के कारण इस बार प्रवेश के लिए अभूतपूर्व रुचि देखने को मिली है। परिसर में स्थापित प्रवेश सहायता केंद्रों पर कर्मचारी और स्वयंसेवक आवेदकों को जानकारी और मार्गदर्शन दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, कंप्यूटर विज्ञान, शिक्षा और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और परामर्श की विशेष व्यवस्था की गई है।
कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।