{"vars":{"id": "123258:4912"}}

चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों को निशुल्क एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) ऐड-ऑन कोर्स प्रदान करेगा
 

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी सत्र 2026-27 से छात्रों के लिए निशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोर्स शुरू कर रहा है। जानें कोर्स की मुख्य विशेषताएं।

 
भिवानी 09 जून।
डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त एवं भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों के लिए निशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ऐड -ऑन कोर्स प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी देते हुए दिन अकादमी का अफेयर्स प्रोफेसर सुनीता भरतवाल ने बताया कि यह पहल विश्वविद्यालय कि माननीय कुलगुरु प्रोफेसर दीप्ति धर्माणी के मार्गदर्शन में आरंभ की जा रही है जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती हुई तकनीकों से परिचित कराना तथा उनके कौशल और रोजगार संभावनाओं को बढ़ाना है। इस कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूलभूत अवधारणाओं मशीन लर्निंग, डाटा विश्लेषण, जेनरेटिव एआई टूल्स, एआई के नैतिक उपयोग तथा विभिन्न क्षेत्रों में इसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय का यह मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार, प्रशासन एवं अनेक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन ला रही है। ऐसे में सभी संकायों और विषयों के विद्यार्थियों के लिए एआई की बुनियादी समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस ऐड ऑन कोर्स को उद्योग की आवश्यकताओं और अकादमिक शिक्षा के मध्य समन्वय स्थापित करने हेतु तैयार किया गया है।
यह कोर्स विश्वविद्यालय एवं उससे संबंधित महाविद्यालयों के पात्र विद्यार्थियों को पूर्णता निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। कोर्स के संचालन में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ अध्यापक तथा उद्योग जगत के विशेषज्ञ अपना योगदान देंगे। इसके अंतर्गत व्याख्यान, प्रायोगिक परीक्षण कार्यशालाएं तथा परियोजना आधारित शिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति(एनईपी)- 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है जिसमें कौशल विकास, बहुविषयक शिक्षा तथा उच्च शिक्षा में उभरती हुई तकनीकों के समावेशन पर विशेष बल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को विश्वास है कि यह निशुल्क एआई ऐड ऑन कोर्स विद्यार्थियों को भविष्य के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल प्रदान करेगा, उनमें नवाचार एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करेगा तथा उच्च शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में उनके प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सुदृढ़ बनाएगा।
कोर्स की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, पाठ्यक्रम संरचना एवं समय सारणी संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय द्वारा पृथक रूप से जारी की जाएगी।