CBLU Bhiwani Teej Celebration: चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया तीज महोत्सव
सीबीएलयू में तीज महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया
कुलगुरु, कुलसचिव और डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने दी तीज महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं
भिवानी, 15 अगस्त 2026 : चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में आज तीज महोत्सव बड़े उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की छात्राओं ने हरियाणवी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी द्वारा कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा को झूला झुलाकर किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा और डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक सहित सभी डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। महोत्सव में छात्राओं द्वारा तीज गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गई ।
कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा
तीज का त्योहार हमारी संस्कृति और नारी शक्ति का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। विश्वविद्यालय में छात्राएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। मैं सभी छात्राओं को तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं और कामना करती हूं कि वे शिक्षा के साथ-साथ अपनी संस्कृति को भी आगे बढ़ाएं।
कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने कहा कि तीज नारी के धैर्य, समर्पण और उल्लास का त्योहार है। विश्वविद्यालय में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन छात्राओं को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। मैं सभी को इस पावन पर्व की बधाई देती हूं और आशा करती हूं कि यह त्योहार सभी के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाए।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने कहा कि तीज महोत्सव का उद्देश्य छात्राओं में सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना और उन्हें मंच प्रदान करना है। आज छात्राओं ने नृत्य, गीत और परंपरागत खेलों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को जीवंत कर दिया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय आगे भी ऐसे आयोजन करता रहेगा ताकि विद्यार्थी अपनी संस्कृति पर गर्व कर सकें। कार्यक्रम के अंत में अंत में धन्यवाद ज्ञापन डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में महिला शिक्षकों एवं कर्मचारियों,छात्राओं ने झूले पर झूलकर तीज का त्योहार मनाया। इस अवसर पर डीन प्रो संजीव कुमार,ललिता गुप्ता, प्रो एसके कौशिक,प्रो सुनीता भरतवाल, डॉ स्नेहलता, डॉ अदम्यवीर, डॉ वेदप्रकाश, डॉ मुकेश यादव, डॉ रचना, डॉ सुशीला, डॉ दीपक, डॉ महक, डॉ रेखा सहित अनेक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।