Bhiwani Updates: महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति रहें सतर्क और सजग, सीबीएलयू में बोलीं महिला आयोग उपाध्यक्ष मीना परमार
हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी का दौरा कर छात्राओं से संवाद किया और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार पहुंची, छात्राओं से किया सीधा संवाद
महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति पूर्णतया सतर्क एवं सजग हों, विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें : मीना परमार
भिवानी 07 अक्टूबर। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में आज हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती मीना परमार ने विश्वविद्यालय का दौरा किया और छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया।
विश्वविद्यालय में पहुंचने पर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार का कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी की अध्यक्षता एवं कार्यकारी कुलसचिव डॉ. राहुल त्रिपाठी की उपस्थिति में विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति प्रभारी प्रो. ललिता गुप्ता, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल, प्रो. मोनिका वर्मा ने गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि आज की नारी को अपने अधिकारों के प्रति पूर्णतया सतर्क और सजग होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होंगी तभी विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी।
उन्होंने छात्राओं को महिला आयोग की कार्यप्रणाली, महिला हेल्पलाइन नंबर, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अन्याय को सहन न करें, बल्कि निडर होकर अपनी आवाज उठाएं। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा राज्य महिला आयोग हर पीड़ित महिला के साथ खड़ा है और उसके सम्मान और सुरक्षा के प्रति कृत संकल्पित है।
राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष ने कहा कि छात्राएं ही कल का भविष्य हैं, वे शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और आत्मरक्षा में भी निपुण बनें और समाज में अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय की छात्रा नीतू घनघस, सीमा कालीरमना से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आज नशा हम सबके लिए बड़ी चुनौती है। हम सब खाप, पंचायत के साथ मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएं क्योंकि नशे के कारण सबसे ज्यादा तकलीफें महिलाओं को उठानी पड़ती हैं।
उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रो. मोनिका वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के निर्माण में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। हमें किशोर बालिकाओं की सुरक्षा करने और उन्हें जागरूक कर उनको प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैड टचिंग और गुड टचिंग के प्रति पूर्णतया जागरूक करने के साथ-साथ किशोरियों की सुरक्षा, सहायता और सम्मान हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में आंतरिक शिकायत समिति की प्रभारी प्रो. ललिता गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्राओं और महिला कर्मचारियों के लिए यौन उत्पीड़न एवं निवारण प्रकोष्ठ एवं आंतरिक शिकायत समिति कार्य कर रही है जो महिलाओं की किसी समस्या या शिकायत का प्राथमिकता से समाधान कर रही है। उन्होंने बताया कि हमारे विश्वविद्यालय का वातावरण छात्राओं के पूर्णतया अनुकूल है जिसके कारण यहां शिकायतें नाम मात्र ही आई हैं जिनका समय पर समाधान किया गया है।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल ने विश्वविद्यालय में यौन उत्पीड़न एवं निवारण प्रकोष्ठ एवं आंतरिक शिकायत समिति के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और इसकी सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में छात्राओं की समस्याओं का तत्परता से समाधान किया जाता है। विश्वविद्यालय में बेटियां पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
महिला थाना प्रभारी श्रीमती बबीता ने महिलाओं के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर क्राइम आदि के खिलाफ हरियाणा पुलिस द्वारा उठाए जा रहे कड़े कदमों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से इस तरह के मामलों की तुरंत शिकायत 112 नंबर तथा साइबर क्राइम की शिकायत 1930 पर करने और दुर्गा शक्ति ऐप अपने फोन में डाउनलोड करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस सदैव आपकी सेवा,सुरक्षा, सहायता के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम में मंच का संचालन डॉ. स्नेहलता ने किया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी, डॉ पार्वती शर्मा,डॉ. विजय, डॉ. आशा पूनिया, डॉ. सीमा, डॉ. मोनिका जांगड़ा, प्रिया,अंकित सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।