{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Sports Update: भिवानी विश्वविद्यालय की खिलाड़ी सीमा ने एशियन गेम्स में हासिल किया चौथा स्थान

सीबीएलयू भिवानी की शोधार्थी और खिलाड़ी सीमा कालीरमना ने एशियन गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपना पर्सनल बेस्ट थ्रो हासिल किया है।

 

सीबीएलयू की शोधार्थी खिलाड़ी सीमा कालीरमना ने एशियन गेम्स में लगाया बेस्ट थ्रो

भिवानी, 03 अक्टूबर। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी की शोधार्थी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सीमा कालीरमना ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का बेस्ट थ्रो लगाया।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ सुरेश मलिक ने दी है।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ी सीमा ने एशियन गेम्स में 59.88 मीटर का थ्रो किया, जो उनका अब तक का पर्सनल बेस्ट है। इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका थ्रो 58.65 मीटर रहा था। यह थ्रो किसी भी प्रतियोगिता में उनके द्वारा लगाया गया अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

उन्होंने बताया कि बारिश के कारण मैदान की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही, बावजूद इसके सीमा ने बेहतरीन खेल दिखाया और चौथा स्थान हासिल किया। यदि मौसम अनुकूल होता तो उनका प्रदर्शन और भी बेहतर हो सकता था।

कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि सीमा ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल सीबीएलयू बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम ऊंचा किया है। उनकी इस उपलब्धि से हमारी बेटियों को गर्व से जीने और खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि सीमा की मेहनत रंग ला रही है उनकी इस कड़ी मेहनत एवं लग्न की बदौलत वो ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक हासिल करेंगी ऐसी सबको उम्मीद है सीमा गौरतलब होगा कि खिलाड़ी सीमा चरखी गांव की एक साधारण परिवार की बेटी एवं दिनोद गांव के साधारण परिवार की बहु हैं।

सीमा ने एक अच्छी विद्यार्थी,एक होनहार खिलाड़ी,एक संस्कारी बेटी और मां होने का उदाहरण पेश किया है।

विश्वविद्यालय की कुलगुरु,कुलसचिव सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने सीमा कालीरमना की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।