{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Mental Health Training Bhiwani: डॉ. नंदिनी लांबा के मार्गदर्शन में समाज कार्य के विद्यार्थियों ने लिया फील्ड वर्क का प्रशिक्षण

सीबीएलयू के समाज कार्य के विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज और नागरिक अस्पताल में ले रहे मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण।
 

पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल और जिला नागरिक अस्पताल में फील्ड वर्क में विद्यार्थी सीख रहे मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का व्यवहारिक ज्ञान

 एएसएमओ एवं मनोरोग विशेषज्ञ डा. नंदिनी लांबा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को मिल रहा प्रशिक्षण

 सीबीएलयू कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी व विभागाध्यक्ष डा. मनोज तेवतिया के निर्देशन में फील्ड वर्क

भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के विद्यार्थी पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल एवं जिला नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में फील्ड वर्क के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कार्य का व्यवहारिक ज्ञान हासिल कर रहे हैं। सीबीएलयू की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के मार्गदर्शन और समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मनोज तेवतिया के निर्देशन में विद्यार्थियों को फील्ड वर्क के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मेडिकल कालेज में मनोरोग विभाग की एएसएमओ एवं मनोरोग विशेषज्ञ डा. नंदिनी लांबा विद्यार्थियों को मानसिक रोगों से जूझ रहे मरीजों की समस्याओं को समझने, उनसे संवेदनशील तरीके से संवाद करने और सामाजिक कार्य की भूमिका की जानकारी दे रही हैं।

डा. नंदिनी लांबा के मार्गदर्शन में विद्यार्थी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझ रहे हैं। उन्हें सिखाया जा रहा है कि मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति से किस प्रकार संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उसकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक कैसे सुना व समझा जाए। प्रशिक्षण के दौरान काउंसलिंग की प्रक्रिया, मरीजों से संवाद और जरूरतमंद व्यक्ति को उचित सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी जा रही है।

फील्ड वर्क में शामिल विद्यार्थियों में नवनीत, प्रतिभा, युवराज, स्वीटी, राहुल, विक्रांत, पूजा, नैंसी, अंतिम और गुरदीप शामिल हैं। विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है। फील्ड वर्क के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न मामलों की केस स्टडी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियों को समझाया जा रहा है।  फील्ड वर्क विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान को व्यवहार में उतारने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थी मरीजों की समस्याओं को समझने, सामाजिक परिस्थितियों का अध्ययन करने और समाधान की दिशा में कार्य करने का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।