चंडीगढ़: एयर फोर्स स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़ के सेक्टर-31 स्थित एयर फोर्स स्कूल को ई-मेल के जरिए मिली बम की धमकी। पुलिस, बम निरोधक दस्ते ने की सघन तलाशी। साइबर सेल मामले की जांच में जुटी।
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-31 स्थित एयर फोर्स स्कूल को मंगलवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉयड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूल प्रशासन को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें स्कूल परिसर में बम होने का दावा किया गया था। जांच के साथ ई-मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुट गई है।
धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी गई। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की गहन जांच कराई जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चंडीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी की सत्यता सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।