चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी में योग महोत्सव संपन्न, विद्यार्थियों ने दिखाए योग करतब
भिवानी, 21 जून ।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में योग विभाग के तत्वावधान में 15 जून से 21 जून तक योग महोत्सव का आयोजन किया गया। योग महोत्सव के समापन एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी और कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास किया। योग महोत्सव के संयोजक डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक रहे।
योग संस्कृति की पहचान: कुलगुरु
मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज संपूर्ण विश्व भारत के योग का अनुसरण कर रहा है। भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में योग की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि हमें अपनी इस धरोहर पर गर्व है। हमें अपनी संस्कृति से जुड़कर योग को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि पाश्चात्य प्रभावों और बीमारियों से बचा जा सके। योग हमें शिक्षा और ज्ञान की ओर ले जाता है तथा समभाव की स्थिति में लाता है।
कुलगुरु ने सफल आयोजन के लिए योग एवं स्पोर्ट्स विभाग को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस विभाग की विद्यार्थी टीम ने भिवानी शहर सहित 40 विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास शिविर लगाए, जिनमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं योग कर स्वस्थ रहें और योग का प्रचार प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।
आत्मा, शरीर और मन का सामंजस्य: डॉ. सुरेश मलिक
डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने कहा कि आत्मा, शरीर और मन का सामंजस्य ही योग है। योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं मजबूत बनाता है। उन्होंने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय ने पहले योग में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया, फिर डिप्लोमा कोर्स और अब एमएससी योग भी प्रारंभ किया है। चरणबद्ध प्रगति से आज विश्वविद्यालय में योग एक पूर्ण विभाग के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने सात दिवसीय योग महोत्सव की गतिविधियों का विवरण भी प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने दिखाए करतब
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने योगाचार्य सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में विभिन्न योग आसनों और करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों को आकर्षित किया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल, प्रो. एसके कौशिक, डॉ सीमा, उप कुलसचिव डॉ. रेखा जांगड़ा, फील्ड एक्सपर्ट रमेश, पीआरए कॉर्डिनेटर ऋषि शर्मा, सहायक देवेंद्र,सुनील, सुपरवाइजर रविंद्र, कोच अजमेर, कोच विकास पराशर, प्रदीप, मनीष सहित अनेक शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने योगाभ्यास में भाग लिया।