खिलाड़ी वर्ग की बुलंद आवाज थे चौधरी जंगबीर सिंह : बॉक्सर विजेंद्र
भिवानी :
हरियाणा के पूर्व सांसद एवं जनप्रिय सामाजिक नेता चौधरी जंगबीर सिंह के निधन पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले प्रसिद्ध बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के सच्चे हितैषी और उनकी आवाज को बुलंद करने वाले मजबूत स्तंभ थे।
उन्होंने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा खिलाड़ियों के अधिकारों, सुविधाओं और सम्मान के लिए संघर्ष किया। चाहे खेल अवसंरचना का विकास हो या खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की बात, उन्होंने हर स्तर पर सकारात्मक पहल की। विजेंद्र सिंह ने उन्हें याद करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व बहुत कम होते हैं जो खेल और समाज दोनों के उत्थान के लिए समान रूप से समर्पित रहते हैं।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह का जीवन संघर्ष, सिद्धांतों और जनसेवा का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जंगबीर सिंह ने किसानों, युवाओं और विशेष रूप से खिलाड़ियों के हितों को सदैव प्राथमिकता दी। उनका योगदान हरियाणा के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस दुखद अवसर पर देश के विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ एवं मेदांता के संचालक डॉ नरेंद्र त्रेहान ने भी शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार से फोन पर बातचीत कर सांत्वना दी और कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह जैसे जनसेवी व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। उनका जीवन सेवा, समर्पण और मानवता के उच्च मूल्यों का प्रतीक था।
विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल जगत से जुड़े लोगों और क्षेत्र के नागरिकों ने भी चौधरी जंगबीर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कभी भी निजी स्वार्थ को प्राथमिकता नहीं दी, बल्कि सदैव समाज और विशेष रूप से खिलाड़ियों के कल्याण के लिए कार्य किया।
ओलंपिक संघ हरियाणा के अध्यक्ष कैप्टन मीनू बेनीवाल ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह का जाना एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके विचार, उनके कार्य और उनके द्वारा स्थापित आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहे। इस अवसर पर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करने दयानंद हवलदार, कर्नल महेंद्र सिंह, कैप्टन जयनारायण, सूबेदार सुरेंद्र सिंह, सूबेदार मेजर वीरेंद्र कुमार, सूबेदार निहाल सिंह, कैप्टन नौरंग, सूबेदार रघुबीर सिंह बागनवाला, सूबेदार चान्दवीर सिंह, रामदेव तायल, गिरवर सिंह राठौर, मनोज सेंटी पूर्व पार्षद, सुरेंद्र टीटीई पूर्व पार्षद, अनिल कुमार पार्षद, अजय कुमार पार्षद, राजीव लोहिया, अजीत बंसल, राजकुमार सांगा, रमेश टमाटरवाला, देशमुख दादरवाल, सुभाष यादव, सतबीर गिरदावर, वेदपाल तहसीलदार, विनोद मिर्ग, प्रेम धमीजा, कर्नल सिंह वाल्मीकि, सतबीर भुक्कल, उमेद दहिया, एडवोकेट योगेश पंघाल, मास्टर तेजबीर, मनीष कुमार क्लर्क एसोसिएशन भिवानी, राममेहर द्रोणाचार्य अवॉर्डी, असन कुमार द्रोणाचार्य अवॉर्डी, सावन कुमार बॉक्सर, संजय बॉक्सर, अजय बॉक्सर, जयभगवान धनाना, मनोज कुमार धनाना, बालकिशन मैदावाला, पीताम्बर गोयल, मुकेश धानक, बाल्ली ढाणी माहू, एडवोकेट राजेश गोपी सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।