{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मुख्यमंत्री को सर्व जातीय पूनिया खाप हरियाणा रत्न सम्मान देगी

 

हिसार

गांव खरक पुनिया में आज मुख्यमंत्री नायब सैनी के सम्मान में भव्य कार्यक्रम हो रहा है। यह समारोह बीजेपी प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया के नेतृत्व में पूनिया खाप की ओर से आयोजित किया गया है, जिसमें हरियाणा भाजपा के प्रभारी सतीश पूनिया मुख्य अध्यक्षता कर रहे है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पहुंच गए हैं। मंच पर आते ही उन्होंने लोगों का अभिनंदन किया। सीएम के साथ सतीश पूनिया व सर्वजातीय खाप के नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के सिर पर खाप की ओर से पगड़ी रखी गई। इसके बाद बाढ़ देव पूनिया की चांदी प्रतिमा मुख्यमंत्री को भेंट की गई। आज मुख्यमंत्री को सर्वजातीय खाप हरियाणा रत्न का सम्मान देगी।

समारोह में हरियाणा सरकार के कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता व डीपी वत्स भी मौजूद हैं।

इसके अलावा प्रदेशभर के साथ-साथ पड़ोसी राज्य राजस्थान से भी पुनिया खाप के बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं। समारोह में खाप की ओर से मांग पत्र रखा गया, जिसमें गांव खरक पूनिया में सामुदायिक केंद्र भवन बनवाने और आधुनिक पुस्तकालय बनवाने की मांग की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री गंगवा ने स्वागत भाषण पढ़ा। अपने बरवाला हल्के में सम्मान समारोह आयोजित करने पर गंगवा ने खाप प्रतिनिधियों का आभार जताया। गंगवा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का स्वागत किया और कहा कि खाप की तरफ से जो मांगें यहां रखी जाएंगी उनको पूरा करने का प्रयास करें।

भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि इस आयोजन का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि इसे बाढ़मेर एवं झांसल गणराज्य के संस्थापक दादा बाढ़ देव पूनिया के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। दादा बाढ़ देव पूनिया को खाप समाज में आदर्श नेतृत्व, न्यायप्रियता और जनसेवा की मिसाल के रूप में माना जाता है।

उनके गौरवशाली इतिहास और योगदान को नमन करते हुए आज का कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता एवं गौरव का प्रतीक बनेगा। गांव में लगाई गई रैली और सभा स्थल की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। जिला प्रशासन व आयोजन समिति ने सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए हैं।