{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सेशन जज ने की सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के भिवानी आगमन पर तैयारियों की समीक्षा

- भिवानी न्यायिक परिसर में 25 अप्रैल को आयोजित होगा लोहारू की न्यायिक परिसर का शिलान्यास समारोह
- चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि होंगे सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत
 
 

भिवानी, 20 अप्रैल। भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के 25 अप्रैल को भिवानी आगमन को लेकर स्थानीय न्यायिक परिसर में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने की। उन्होंने समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। वहीं दूसरी ओर डीसी साहिल गुप्ता ने सभी कार्यक्रमों के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान दादरी की सेशन जज गगनदीप कौर सिंह सहित अनेक न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।


बैठक के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमन पर भिवानी न्यायिक परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत लोहारू के न्यायिक परिसर की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं भव्य बनाने के लिए न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। वहीं डीसी साहिल गुप्ता ने भी लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, जन स्वास्थ्य, नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन आदि विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान प्रवर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने सुरक्षा प्रबंधों के बारे में जानकारी दी।


बैठक के दौरान चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने बताया कि विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले वार्षिक दीक्षांत समारोह में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान 43 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल,12 को पीएचडी तथा यूजी एवं पी  जी के 444 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी।


इस दौरान सीजेएम कम सचिव डीएलएसए पवन कुमार, सीजेएम मीता कोहली, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, डीएमसी हरिबीर सिंह, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार, एसडीएम सिवानी विजया मलिक, बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप तंवर, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, जीएम रोड़वेज दीपक कुंडू, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, डीआईओ अमित लांबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
***** *****