शिकायतों का समाधान कर एटीआर स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से अपडेट करें: डीसी
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों व सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का समाधान कर एटीआर स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से अपडेट करें ताकि समस्या मुख्यालय स्तर की समीक्षा में समस्या री-ओपन ना हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित शिकायतों का अति शीघ्र समाधान करें।
डीसी श्री गुप्ता शुक्रवार को समाधान शिविर व सीएम विंडो समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को समाधान शिविर की समीक्षा बैठक में स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान सहित पूर्ण रिपोर्ट साथ लेकर आएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीनायब सिंह सैनी स्वयं चंडीगढ़ से समाधान शिविरों की समीक्षा करते हैं, ऐसे में समाधान शिविरों में आने वाली समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका समयबद्घ तरीके से समाधान करें। उन्होंने कहा कि समस्या रिओपन होती है तो उसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
वहीं दूसरी ओर वीसी के माध्यम से चंडीगढ़ से परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वंडरू ने सभी जिलों के डीसी को निर्देश दिए कि वे लंबित समस्याओं का प्रमुखता से समाधान करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने सफाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि स्वच्छता और गंदगी से संबंधित लंबित समस्याएं न रहें।
डीसी ने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे मेें प्रचार-प्रसार करें ताकि लोग इस योजना का फायदा उठा सकें।
सरकार द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। लोगों को इसकी जानकारी होनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएं।
इस दौरान एसडीएम तोशाम रवि मीणा आईएएस, डीएमसी गुलजार मलिक, एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, एसडीएम लोहारू मनोज दलाल, एसडीएम सिवानी विजिया मलिक, डीएसपी महेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, जनस्वास्थ्य विभाग के अभियंता सुनील रंगा, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, एलडीएम बिभूति पांडे, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।