{"vars":{"id": "123258:4912"}}

8 जिलों में बादल छाए, 4 में अलर्ट, तेज हवाओं के साथ होगी बारिश 

 

हरियाणा में पानीपत, भिवानी, जींद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फतेहाबाद और झज्जर में बादल छाए हुए हैं। आज पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है, जबकि कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने 22 से 25 जून तक प्रदेशभर में बारिश के आसार जताए हैं। वहीं अन्य जिलों में भी बादलवाई, गरज व चमक के साथ बरसात का अनुमान है।

मानसून के 28 जून तक हरियाणा पहुंचने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद और बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून अब हरियाणा से सिर्फ एक हफ्ता दूर है। अनुमान है कि 28 जून के आसपास यह प्रदेश में प्रवेश करेगा। मानसून की हवाएं इस बार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से आ रही हैं। जब दोनों दिशाओं से नमी भरी हवाएं टकराती हैं, तो कई बार भारी बारिश भी होती है। 

हरियाणा का अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री बढ़ा हरियाणा के अधिकतम तापमान में शनिवार को 2.5 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

24 घंटे में बदला तापमान पिछले 24 घंटे के मौसम में हुए बदलाव की बात करें तो प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में केवल बढ़ोतरी ही दर्ज की गई। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी जिला सोनीपत के जगदीशपुर केवीके एरिया में 4.6 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई। जिसके बाद सोनीपत का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।