Yogi Adityanath Mother Death Updates: गोरखपुर में टैबलेट वितरण कार्यक्रम पूरा कर पंचूर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, गोंडा दौरा किया रद्द
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 90 वर्ष की आयु में शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में अपने पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मां के निधन की सूचना अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में उस समय मिली, जब वे छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित कर रहे थे। इसके बाद भी उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा और समापन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां सावित्री देवी के निधन के बाद गोरखपुर से सीधे लखनऊ पहुंचे और फिर राजधानी से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में अपने पैतृक गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से अपनी मां का अंतिम दर्शन करने पैतृक गांव पहुंचे। अब उनका शनिवार सुबह हरिद्वार में मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात पंचूर गांव में ही निवास करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ कल मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
🗓️ गोंडा का कार्यक्रम रद्द कर पंचूर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में अपने इस कार्यक्रम को संपन्न कराने के बाद गोंडा का कार्यक्रम रद्द कर दिया। गोंडा में सीएम योगी आदित्यनाथ को जयप्रभाग्राम में श्री राम कथा में आना था। बलरामपुर मार्ग पर जयप्रभाग्राम में चिन्मयानंद इंटर कॉलेज में चल रही श्री राम कथा में देश भर के महामंडलेश्वरों व पीठाधीश्वरों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आना था। यहां अंतरराष्ट्रीय कथाकार राजन महाराज का प्रवचन है और सीएम योगी आदित्यनाथ की संतों व महात्माओं से मिलकर उनका सुख-दुख जानने की योजना थी। यहां उनको एक घंटे तक बाबा रामदेव के साथ श्री राम कथा में शामिल होना था।
🙏 मां ने दी थी पहली भिक्षा, रो पड़ा था पूरा परिवार
योगी आदित्यनाथ के घर छोड़ने पर पहली भिक्षा मां सावित्री देवी ने दी थी। मां ने अपने हाथों से बेटे योगी आदित्यनाथ को फल, चावल व पैसे दिए थे। इस दौरान उनके सामने खड़ा बेटा संन्यासी बन चुका था। मां के लिए वह आज भी वही अजय था, जिसे कभी गोद में खिलाया था। भिक्षा देने के दौरान मां ही नहीं, पूरा परिवार रो पड़ा था। बेटे योगी आदित्यनाथ की आंखें भी नम थीं। बहन शशि सिंह ने मीडिया रिपोर्ट में इस पल को बेटी की विदाई जैसा बताया था। उत्तराखंड के पंचूर गांव की सावित्री देवी के जीवन का यह सबसे भावुक पल था। इस घटना ने मां को भीतर तक हिला दिया था।
🚩 परिवार को बताए बिना लिया था संन्यास
अजय सिंह बिष्ट ने वर्ष 1994 में परिवार को बताए बिना संन्यास ग्रहण कर लिया था। नाथ संप्रदाय की दीक्षा के बाद वे योगी आदित्यनाथ बन गए। परिवार को उनके संन्यास की जानकारी कई महीने बाद मिली। पिता आनंद सिंह बिष्ट जब गोरखपुर पहुंचे और बेटे को भगवा वस्त्रों में देखा तो भावुक हो उठे। घर लौटकर उन्होंने पत्नी सावित्री देवी को इसकी जानकारी दी। आनंद सिंह के मुताबिक, बेटे के संन्यास की खबर सुनकर सावित्री देवी बहुत परेशान हो उठी थीं। संन्यास के करीब चार वर्ष बाद वर्ष 1998 में योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यह सामान्य पारिवारिक मुलाकात नहीं थी। संन्यासी परंपरा के तहत उन्हें अपनी मां से पहली भिक्षा लेनी थी।
🏡 परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बीता सावित्री देवी का जीवन
सावित्री देवी का जीवन पहाड़ के सामान्य ग्रामीण परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बीता। पति आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां थीं। सावित्री देवी दिनभर खेतों में काम करतीं और गायों की देखभाल करती थीं। शाम को बच्चों की पढ़ाई के दौरान रसोई की जिम्मेदारी संभालती थीं। उस समय गांव में बिजली नहीं थी।
बच्चे मिट्टी के तेल की बत्ती वाले दीये के आसपास बैठकर पढ़ते थे। गांव में वर्ष 1982 में बिजली पहुंची। अजय भी बचपन में इन्हीं परिस्थितियों में पले-बढ़े। बहन शशि सिंह के मुताबिक, वह अपने छोटे भाई को रोजाना करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सरकारी स्कूल ले जाती थीं। दोनों रास्ते में साल के जंगलों से गुजरते थे। अजय पढ़ाई में तेज थे और बच्चों से काफी लगाव रखते थे।