{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में 2 दिन बाद शीतलहर चलेगी

 

हरियाणा में 2 दिन बाद 1 दिसंबर से धुंध और ठंड दोनों बढ़ सकते हैं। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि आज और कल दो दिन बादल छाए रहेंगे और 1 दिसंबर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से नमी बढ़ सकती है।

इससे धुंध बढ़ेगी और शीतलहर चलेगी। इस दौरान रात के तापमान में गिरावट आएगी।

धुंध के मौसम को देखते हुए हिसार एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे मार्किंग शुरू कर दी है। रनवे पर विमानों की लैंडिंग के लिए बनाए निशान को और गहरा किया जा रहा है। इसके लिए एयरपोर्ट पर टीमें लगाई गई हैं। इससे धुंध के समय विमानों को लैंडिंग में आसानी होगी।

हरियाणा में 24 घंटे के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.9°C की वृद्धि हुई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य के करीब है। नारनौल राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां बीती रात को न्यूनतम तापमान 7.8°C दर्ज किया गया।

अंबाला में सबसे अधिक बदलाव देखा गया, जहां तापमान 2.6°C बढ़कर 12.5°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.2°C अधिक है। इसी प्रकार रोहतक का तापमान 10.2°C रहा, जिसमें कल के मुकाबले 1.6°C की बढ़ोतरी हुई।

आईएमडी के अनुसार, जिन जिलों में धुंध का असर सबसे ज्यादा रहेगा, उनमें रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, भिवानी, चरखीदादरी, झज्जर और रोहतक शामिल हैं। विभाग के मौसम बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है।

राज्य के औसत अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 0.5 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि तापमान सामान्य के करीब ही है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 3 दिसंबर तक खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान 29 व 30 नवंबर को बीच बीच में हल्के बादल तथा रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु 1 दिसंबर से रात्रि तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है।