कांग्रेस ने हुडा पार्क में चलाया स्टॉप वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान
भिवानी :
कांग्रेस पार्टी ने स्थानीय हुडा पार्क भिवानी में एक विशेष हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य जनता तक वोट चोरी रोकें अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाना था।
यह अभियान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाया गया, ताकि भारतीय लोकतंत्र को सुरक्षित रखा जा सके और भाजपा सरकार की आलोचना की जा सके। अभियान का नेतृत्व भिवानी शहरी कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने किया।
प्रदीप गुलिया जोगी ने बताया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा स्टॉप वोट चोरी अभियान पूरी तरह से लोकतंत्र की मजबूती और आम नागरिकों के अधिकार की सुरक्षा के लिए समर्पित है। जिसके तहत कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में भी इसी अभियान को जोर-शोर से चलाया जा रहा है।
जिसके तहत उन्होंने भिवानी में भी इस अभियान की शुरूआत हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से की है, जो कि 15 अक्तूबर तक चलेगा। जिसके माध्यम से आमजन को चुनाव आयोग की सच्चाई तथा भाजपा के वोट चोरी मामले से अवगत करवाया जाएगा।
प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं और वोटों की चोरी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता का विश्वास गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा नेता, समाजसेवी एवं आम नागरिक शामिल हुए। लोगों से अपील की गई कि वे इस अभियान का समर्थन करें और लोकतंत्र को बचाने के लिए अपने हस्ताक्षर दें। प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आमजन को बताया जाएगा कि कैसे भाजपा ने उनके ही वोट को चोरी कर लोकतंत्र की हत्या कर सरकार बनाई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन ही लोगों, विशेषकर युवाओं का खासा रूझान देखने को मिला। यह अभियान केवल एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि यह लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। हर नागरिक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसकी आवाज निष्पक्ष रूप से सुनी जाए। इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य देशभर में व्यापक जनसमर्थन जुटाकर केंद्र व राज्य सरकार को जवाबदेह बनाना है।
पार्टी का कहना है कि यह अभियान निरंतर चलता रहेगा और हर व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोकतंत्र की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई मामले सामने आए हैं, जिनमें मतदाता सूची में गड़बड़ी, बूथ पर दबाव बनाना और अन्य अवैध गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे कदम लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ हैं और इन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी जनजागरण पर जोर दिया और कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुडक़र अपने मताधिकार की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यदि लोकतंत्र को बचाना है तो हर व्यक्ति को इस मुद्दे पर संवेदनशील होकर आगे आना होगा।
इस अवसर पर सत्यजीत पिलानिया, ईश्वर मान, कुंवर वीर सिंह, अमर तंवर राघव, शीला गौरा, रूपेंद्र ग्रेवाल, विजेंद्र सिवाच, सुरेश प्रजापत, अशोक योगी, वेद प्रकाश मास्टर, सुनील खींची, डा. फूल सिंह धनाना, मा. बलवंत सिंह घणघस, शिवकुमार चांगिया, डा. जयवीर गोयत, अजय हालुवासिया, अजय धनाना, रणदीप हुड्डा, रमेश ढिग़ाव, अनिल मास्टर, हरेंद्र जाखड़, सुमित बराड़, आजाद सिंह ग्रेवाल नवां, महेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।