{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक, कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने किया संबोधित
 

 

भिवानी :

भिवानी में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी के नेतृत्व में उनके निवास पर कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को निचले स्तर तक मजबूत बनाना और हाल ही में सामने आए वोट चोरी के आरोपों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाना था।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनिरुद्ध चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर काम करने और लोगों के साथ सीधे संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हमें केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करवाना होगा।
      अनिरुद्ध चौधरी ने हरियाणा में भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर नागरिकों के वोट चुराकर सरकार बनाई है।

उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है जो हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस वोट चोरी के मामले को प्रत्येक ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में मजबूती से उठाएं और भाजपा की असलियत को बेपर्दा करें।

चौधरी ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह हमारे संविधान और नागरिकों के वोट के अधिकार पर हमला है। हमें इस लड़ाई को जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को तब तक उठाती रहेगी जब तक कि इस पर पूरी तरह से जांच नहीं हो जाती और दोषियों को सजा नहीं मिल जाती।
      अनिरुद्ध चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका पूरी ईमानदारी और मजबूती के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता ग्रामीणों और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनका समाधान करवाना है।

उन्होंने बिजली, पानी, सडक़, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को सरकार के सामने उठाने का निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अनिरुद्ध चौधरी के निर्देशों का पालन करने और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की पैठ बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि वे भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इस मौके पर अलग अलग विधानसभा के मौजीज व्यक्ति मौजूद रहे।