{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के बीच CP बंद करने के निर्देश, केजरीवाल ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली के कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे दुकानें बंद करने के आदेश पर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। जानिए जंतर-मंतर प्रदर्शन और NEET-UG सीबीआई जांच पर क्या बोले केजरीवाल।

 

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार दोपहर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लेटर शेयर किया, जिसमें कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को शाम साढ़े छह बजे बंद करने के आदेश की जानकारी दी गई है। इस पत्र को साझा करते हुए केजरीवाल ने आशंका जताते हुए पूछा कि क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी।

NDTA (नई दिल्ली व्यापारिक संघ) की तरफ से जारी इस आदेश की कॉपी के साथ अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को आज शाम 6.30 pm बंद करने के आदेश। जबरदस्त सिक्योरिटी। ढेर सारी एम्बुलेंस। क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?’

पत्र में बताई गई आदेश जारी करने की वजह

केजरीवाल ने आदेश की जो कॉपी शेयर की, उसमें लिखा हुआ है, ‘NDMC के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह के अनुसार, CP (कनॉट प्लेस) के आस-पास की गंभीर स्थिति को देखते हुए, यह सख्त निर्देश दिया गया है कि नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में सभी दुकानें और प्रतिष्ठान (जिनमें ऑफिस और रेस्टोरेंट भी शामिल हैं) आज, यानी 23 जुलाई को शाम 6:30 बजे तक बंद कर दिए जाएं।’

व्यापारियों से की गई सहयोग करने की अपील

पत्र में आगे लिखा गया, 'सभी प्रतिष्ठान मालिकों/कब्जा करने वालों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और ऊपर दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और संपत्ति के नुकसान या चोट लगने जैसी घटनाओं से खुद को सुरक्षित रखा जा सके।'

केजरीवाल ने लिखा- मोदीजी की पूरी पोल खुल गई

इससे पहले शेयर की एक अन्य पोस्ट में केजरीवाल ने पिछले साल हुए NEET के पेपर लीक मामले में आरोपी बनाए शख्स के बरी होने का मुद्दा उठाते हुए लिखा था, 'लीजिए। मोदी जी की पूरी पोल खुल गई। 2024 में NEET का पेपर लीक हुआ। मोदी सरकार ने इसको मास्टरमाइंड कहकर गिरफ्तार किया। फिर सीबीआई ने जानबूझकर टाइम पे चार्जशीट दायर नहीं की जिसकी वजह से इसको तीन महीने में ही ऑटोमैटिक बेल दिलवा दी। और आज उसको CBI से मोदी जी ने क्लीन चिट दिलवा दी। वाह मोदी जी वाह। आप से ना हो पाएगा। क्योंकि आपकी नीयत में खोट है।'

अपनी इस पोस्ट के साथ केजरीवाल ने समाचार एजेंसी पीटीआई की एक पोस्ट को भी रिपोस्ट किया था, जिसमें बताया गया था कि, 'CBI का कहना है कि NEET-UG '24 का प्रश्न पत्र चोरी करने या बांटने में संजीव मुखिया की भूमिका का कोई सबूत नहीं मिला है। CBI ने गुरुवार को कहा कि उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह साबित हो सके कि संजीव कुमार, उर्फ ​​संजीव मुखिया, NEET-UG 2024 का प्रश्न पत्र चोरी करने या बांटने में शामिल था।'