दादरी की महिला से झज्जर में दहेज प्रताड़ना
चरखी दादरी की एक महिला को दहेज के लिए झज्जर जिले में प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे बाइक व गहनों की मांग कर रहे हैं।
जिसको लेकर शादी के तीसरे दिन ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। उसने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
साढ़े 5 माह पहले हुई थी शादी
चरखी दादरी महिला सैल में दी शिकायत में चरखी दादरी शहर के वार्ड-11 के कबीर नगर निवासी मनीषा ने बताया कि उसकी शादी 27 नंवबर 2024 को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ तहसील के गांव बामनौली निवासी विकास के साथ हुई थी। उस समय उसके परिजनों ने हैसियत के अनुसार खर्चा किया था और करीब 12-13 लाख रुपए खर्च किए थे।
शादी के तीसरे दिन से मारपीट की
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी ससुराल पक्ष के लोग दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे और शादी के तीसरे दिन ही उसके साथ बुरा बर्ताव, गाली गलौज व मारपीट करनी शुरू कर दी। उसका पति उससे बाइक की मांग करता व दूसरे सदस्य नकद रुपए, सोने की चेन व अंगूठी की मांग करते और मांग पूरी नहीं होने पर उसे परेशान किया जाता।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके पति के एक महिला से अवैध संबंध हैं और इस बात की जानकारी उसे लगी और रोकना चाहा तो उसे जान से मारने की धमकी दी। वहीं ससुराल पक्ष के लोगों को यह बात बताई तो उन्होंने भी उसके पति का ही साथ दिया।
जान से मारने की धमकी दी
महिला ने कहा कि उसने अपने मायके पक्ष के लोगों को यह बात बताई तो उसका भाई व भाभी पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों से बात करनी चाही तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे धमकी देते हुए कहा कि इसे अपने साथ ले जा।
यदि यहां छोड़कर गया तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे। जिसके बाद वह अपने भाई के साथ दादरी आ गई। उसके भाई ने मामले को सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन उक्त लोग मानने को तैयार नहीं हुए।
मामले की जांच कर रही पुलिस
शिकायतकर्ता ने घरेलू हिंसा व दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार पर पुलिस ने महिला के पति विकास के खिलाफ धारा 85, 115(2), 316(2), 351(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।