{"vars":{"id": "123258:4912"}}

₹20 हजार के लिए बेटी मार डाली 

 

कैथल में 3 दिन पहले दहेज के लिए हुई महिला ज्योति की हत्या के मामले में खुलासा हुआ है। ज्योति के पिता ने कहा कि 20 हजार रुपए के लिए पति ने उसे मार डाला। ज्योति पर बार-बार पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था। वह उसे कह रहे थे कि उनकी कपड़े की दुकान में लॉस हो गया है, इसलिए पैसे लेकर आ।

इसी बात पर 2 फरवरी को ज्योति के पति ने लकड़ी की फट्‌टी से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिसमें उसकी मौत हो गई। पिता का कहना है कि दहेज को लेकर काफी लंबे समय से बेटी को परेशान किया जा रहा था। पूंडरी थाने में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ज्योति के पति को गिरफ्तार कर चुकी है।

पूंडरी थाने के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि इस मामले में ज्योति के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के शामिल होने के संबंध में जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है, लेकिन प्राथमिक तौर पर यह सामने आया है कि मारपीट के दौरान गंभीर चोटें लगने के कारण ज्योति की मौत हुई है। फट्‌टी और पाइप बरामद कर ली गई है।