बेटियां है समाज का गौरव, आज हर क्षेत्र में बेटियां स्वयं को कर रही है साबित : विधायक सर्राफ
भिवानी :
समाज में बेटियों के प्रति बदलती सोच और महिला सशक्तिकरण की एक सुंदर तस्वीर स्थानीय हनुमान ढाणी क्षेत्र में देखने को मिली। यहां महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा एक नवजात बच्ची के माता-पिता को सम्मानित कर समाज में एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया गया।
सैनी धर्मशाला में आयोजित इस समारोह ने ना केवल एक परिवार की खुशियों को दोगुना किया, बल्कि सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम को भी एक नई ऊर्जा प्रदान की।
यह जानकारी देते हुए महासचिव विजय सिंहमार व उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम ने बताया कि स्थानीय हनुमान ढाणी निवासी अजय सैनी और रीना के घर पुत्री रत्न की प्राप्ति होने पर अपनी खुशी को साझा करने के लिए कुआं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया। आमतौर पर पुत्र जन्म पर होने वाले इस संस्कार को बेटी के जन्म पर मनाकर परिवार ने रूढि़वादी परंपराओं को तोडऩे का काम किया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने नवजात बच्ची को आशीर्वाद दिया और माता-पिता को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। अजय सैनी और उनके परिवार ने बेटी के जन्म पर कुआं पूजन कर यह साबित कर दिया है कि समाज की सोच बदल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम आज जन-आंदोलन बन चुकी है। जब समाज बेटियों का इसी तरह स्वागत करेगा, तभी सही मायने में विकास संभव है। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने भी परिवार की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारा ट्रस्ट महात्मा ज्योतिबा फुले की विचारधारा पर चलते हुए शिक्षा और समानता के लिए प्रतिबद्ध है। बेटियों को बोझ समझने का दौर अब खत्म हो चुका है। ट्रस्ट का लक्ष्य है कि हर उस परिवार को प्रोत्साहित किया जाए जो अपनी बेटियों को बेहतर भविष्य और उच्च शिक्षा देने का संकल्प लेते हैं। यह सम्मान समारोह समाज के अन्य वर्गों के लिए भी एक संदेश है। इस अवसर पर नवजात के दादा दीवान चंद व दादी संतरा देवी, सुनील सैनी, उमेश सैनी, कपिल सैनी, अजय सैनी, अमित सैनी, धीरज सैनी, हरीश सैनी, निखिल सैनी, सुनील जांगड़ा आदि मौजूद रहे।