{"vars":{"id": "123258:4912"}}

डीसी ने की आकांक्षा ब्लॉक बहल और लोहारू में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा 

 

भिवानी।

डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आकांक्षा ब्लॉक के तहत जिले के शामिल बहल और लोहारू ब्लॉक में किए जा रहे कार्यों की एक समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

समीक्षा बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित टारगेट को समयबद्ध ढंग से पूरा करें और उनको संबंधित पोर्टल पर जरूर अपलोड करें। इसके साथ ही डीसी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने कार्यों में किसी प्रकार की कोताही ना बरतें।
डीसी श्री गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग विकास, पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग के साथ-साथ और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना व प्रधानमंत्री आजीविका मिशन ग्रामीण से संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों से बच्चे ड्रॉप आउट ना हों। इसके लिए अभिभावकों के साथ में बैठक की जाए। इसी प्रकार से उन्होंने स्कूलों में सभी आधारभूत सुविधाएं व ढांचा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण जरूर करें। महिलाओं के साथ-साथ बच्चों को भी सही पोषण की जानकारी दी जाए ताकि बच्चों में ब्लड की कमी ना रहे।
डीसी ने महिला में बाल विकास निगम की जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि वह इन दोनों ब्लॉकों में कम से कम दो मीटिंग हर महीना करें और महिलाओं को सही पोषण के बारे में जागरूक करें।

उन्होंने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच करें।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र और सभी स्कूलों में पर्याप्त समुचित पेयजल और शौचालय के निर्माण के भी निर्देश दिए।
डीसी ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और ग्रामीणों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाए कि वे गलियों में व गांव की मुख्य सडक़ों पर इधर-उधर कूड़ा-कचरा ने डालें।
बैठक के दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. विनोद फोगाट, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, महिला बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी वैशाली, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक शिखा राणा के अलावा स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।