{"vars":{"id": "123258:4912"}}

दीपक लोहिया मेमोरियल दिव्यांग क्रिकेट ट्रॉफी 10 को, हरियाणा और यूपी के बीच होगी भिड़ंत
 

ग्रेटर नोएडा में 10 मई को दीपक लोहिया मेमोरियल दिव्यांग ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे हरियाणा और यूपी। PCCAI द्वारा आयोजित इस मैच में खिलाड़ियों का बढ़ेगा हौसला।

 

भिवानी, 06 मई : खेल जगत में दिव्यांग खिलाडिय़ों के मसीहा माने जाने वाले स्व. दीपक लोहिया की स्मृति में 10 मई को एक विशेष क्रिकेट मुकाबले का आयोजन होने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दीपक लोहिया मेमोरियल दिव्यांग ट्रॉफी के लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी। इस आयोजन का संचालन फिजिकल चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीसीसीएआई) द्वारा किया जाएगए। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष और स्व. दीपक लोहिया के पिता सुरेंद्र लोहिया मुख्य अतिथि के रूप में सपरिवार उपस्थित रहेंगे। यह मैच सुबह 10 बजे शुरू होगा, जहाँ खेल के माध्यम से दीपक जी के योगदान को याद किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए पीसीसीएआई के राष्ट्रीय महासचिव रवि चौहान व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश सैनी ने बताया कि दीपक लोहिया केवल एक सहयोगी नहीं, बल्कि दिव्यांग क्रिकेट की रीढ़ थे। उनका सपना था कि दिव्यांग खिलाडिय़ों को समाज में वही सम्मान और मंच मिले जो सामान्य खिलाडिय़ों को मिलता है।

कोविड-19 के दौरान उनका जाना हमारे लिए एक अपूरणीय क्षति थी। आज हम इस ट्रॉफी के माध्यम से उनके उसी अधूरे सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रहे हैं। यह मैच उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि दीपक का खिलाडिय़ों के साथ रिश्ता बेहद आत्मीय था। कठिन परिस्थितियों में वे हमेशा ढाल बनकर खड़े रहते थे। आज कई खिलाड़ी जो राष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे हैं, उनके पीछे दीपक का ही प्रोत्साहन रहा है। इस ट्रॉफी का उद्देश्य केवल हार-जीत नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाडिय़ों के भीतर उस आत्मविश्वास को जगाना है जो दीपक जी हमेशा देखना चाहते थे। आयोजन समिति और पीसीसीएआई ने समस्त खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाएं और स्वर्गीय दीपक लोहिया को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।