फेम इंडिया मैगजीन' व 'एशिया पोस्ट' द्वारा कराए गए संयुक्त सर्वे में दीपेन्द्र सिंह हुड्डा सर्वश्रेष्ठ सांसदों की लिस्ट में शामिल
रोहतक, 4 अगस्त। रोहतक शहर विधायक भारत भूषण बतरा ने रोहतक सांसद दीपेन्द्र हुड्डा को 'फेम इंडिया मैगजीन' व 'एशिया पोस्ट' द्वारा 'सर्वश्रेष्ठ सांसद डिस्टिंक्ट 2026' के संयुक्त सर्वे में देश के 30 सर्वश्रेष्ठ उत्कृष्ट सांसदों में प्रमुख स्थान हासिल करने तथा 'कर्तव्यनिष्ठ सांसद' की श्रेणी में शीर्ष स्थान से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। विधायक बतरा ने इसे पूरे रोहतक व हरियाणा प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का क्षण बताया है।
विधायक बीबी बतरा ने कहा कि सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा की यह उपलब्धि दर्शाती है कि उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संसद में गहन तैयारी, जनमुद्दों की बारीक समझ और देश की सबसे बड़ी पंचायत में लोगों की आवाज़ पहुंचाना है। विधायक बतरा ने कहा कि रोहतक से चार बार लोकसभा सांसद और राज्यसभा सदस्य रह चुके दीपेन्द्र हुड्डा के लंबे संसदीय अनुभव का लाभ आज पूरे प्रदेश को मिल रहा है। दीपेन्द्र हुड्डा कभी मर्यादा को नहीं लांघते और संसदीय मर्यादाओं का सम्मान करते हैं लेकिन कहीं भी कुछ गलत हो रहा हो तो उसके खिलाफ आवाज़ बुलंद करने में कभी नहीं हिचकते। संसद में उनका व्यवहार अत्यंत संयमित, तथ्यपरक और मर्यादित रहता है, जिसके कारण दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी दल उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि वे हरियाणा की आवाज को राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने वाले सबसे सक्रिय और भरोसेमंद जनप्रतिनिधि हैं।
सर्वे व पीआरएस आंकड़ों के आधार पर 18वीं लोकसभा में सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की संसद में 91% उपस्थिति दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। उन्होंने किसानों, युवाओं, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े 71 प्रश्न सरकार से पूछे तथा संसद की 17 प्रमुख चर्चाओं में हिस्सा लेकर प्रदेश के हितों की पुरजोर पैरवी की। उपस्थिति, प्रश्न, बहस, संसदीय अनुभव और जन-सक्रियता के विभिन्न मानकों पर उन्हें 86.38 का उच्च स्कोर मिला।
सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा पिछले दो दशकों से हरियाणा के किसानों, युवाओं, महिलाओं, खिलाड़ियों और आम जनता की आवाज बने हुए हैं। शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन से संवाद स्थापित करने, MSP की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें, अग्निवीर योजना की समीक्षा, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने तथा रोहतक-हरियाणा में AIIMS, RRTS (रैपिड रेल) और राष्ट्रीय राजमार्गों जैसे बुनियादी ढांचों के विकास के लिए उन्होंने सड़क से संसद तक लगातार संघर्ष किया है।" विधायक बीबी बतरा ने कहा कि सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की यह उपलब्धि रोहतक और संपूर्ण हरियाणा की जनता के अटूट विश्वास की जीत है।