14 दिसंबर की दिल्ली चलो महारैली : एनएसयूआई बनाई रणनीति
भिवानी :
एनएसयूआई ने 14 दिसंबर को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
इस महा-आयोजन में भिवानी से छात्रों और युवाओं की अधिकत्तम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्थानीय जगत कॉलोनी स्थित एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मंजीत लांगायन ने की। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष मंजीत लांगायन ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के दिशा-निर्देश साझा किए। इसके अतिरिक्त, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी और हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव के मार्गदर्शन में रैली को सफल बनाने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की गई।
बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि भिवानी जिले के हर कॉलेज और शिक्षण संस्थान से युवाओं को इस आंदोलन से जोड़ा जाए। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मंजीत लांगायन ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है।
उन्होंने प्रमुख मुद्दों को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में शिक्षित युवा नौकरियों के लिए भटक रहा है, लेकिन भर्ती प्रक्रियाएं लटकी हुई हैं। महंगी शिक्षा और संसाधनों की कमी ने छात्रों की कमर तोड़ दी है। लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
लांग्यान ने कहा कि देश में बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियां और भर्ती प्रक्रियाओं में अनिश्चितता अब गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
लोकतांत्रिक ढांचे पर उठते सवाल और पारदर्शिता की कमी युवाओं में भारी असंतोष पैदा कर रही है। ऐसे समय में, युवाओं का जागरूक होना और अपनी बात लोकतांत्रिक मंचों पर मजबूती से रखना बेहद आवश्यक है। मंजीत लांगायन ने बैठक के समापन पर स्पष्ट किया कि एनएसयूआई हमेशा से छात्रों की आवाज़ को बुलंद करती आई है।
उन्होंने दावा किया कि 14 दिसंबर का कार्यक्रम लोकतंत्र, पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित होगा। इस अवसर पर सनी लाठर, सुनील, दीपक गुलिया, मनोज ग्रेवाल, सूरज, अमन, अभिषेक, संजय, सुमित, अनिल, राहुल, साहिल वालिया, अंकित, अनुराग, मोहित, रमन, कमल भी मौजूद रहे।