Delhi Public School Bhiwani Updates: प्राचार्या ने बच्चों को दी शुभकामनाएं, कहा— शिक्षा का उद्देश्य छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है
दिल्ली पब्लिक स्कूल भिवानी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस
भिवानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल भिवानी में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाओं द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन एवं संचालन किया गया। प्रार्थना सभा में बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रेरित किया गया। अध्यापिकाओं ने अपनी रोचक प्रस्तुतियों और प्रेरणादायक विचारों के माध्यम से इस दिन को विद्यार्थियों के लिए यादगार बना दिया।
श्रीमती सरिता बिजरानिया व मिस साक्षी यादव ने प्रार्थना सभा का संचालन किया। श्रीमती सुनीता धमीजा ने आज के उपलक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रेरक सुविचार प्रस्तुत किया। श्री प्रदीप शर्मा जी ने इस अवसर पर अपने विचार छात्रों के साथ साझा किए। विभिन्न शिक्षकों यथा श्रीमती अनु रानी, श्रीमती अंजू शर्मा और श्री धर्मवीर शर्मा ने विद्यार्थियों के लिए प्रेरक कविताएं प्रस्तुत कीं। श्रीमती विकास शर्मा, श्रीमती उर्मिला मस्त्रा, श्रीमती अंजू शर्मा, श्रीमती अनु शर्मा, श्रीमती प्रियंका पंडित, श्रीमती वंदना बजाज, श्री प्रदीप शर्मा, श्री सुनील कुमार जांगड़ा, श्री धर्मवीर शर्मा आदि अध्यापकों ने मनमोहक व प्रेरक गीत ‘बच्चे मन के सच्चे, ये वो नन्हे फूल हैं….’ गीत गाकर समां बांध दिया।
इस विशेष अवसर पर कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए क्रमशः पैक योर बैग रेस, ग्लास बिल्डिंग रेस, आइस क्रीम रेस, टर्टल रेस, हुपला रेस, फ्रॉग रेस, स्पाइडर रेस, लेमन रेस, बैलून रेस, पेपर रेस, स्पून रेस, अप एंड डाउन रेस, पेंगुइन रेस, लेग रेस, स्पून रेस, कवर्ड आईस रेस आदि विभिन्न मनोरंजक दौड़ों एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रत्येक दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए सराहा गया। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, उत्साह और तालियों की गूंज से आनंदमय हो उठा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल धरोहर भी हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है, जिसे उचित अवसर, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करती हैं।