दिल्ली: रोहिणी में गिरी 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत, राहत कार्य जारी
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 16 में भारी बारिश के बीच 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरी। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका। दमकल की गाड़ियां और बचाव टीम मौके पर।
दिल्ली में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया है। रोहिणा इलाके में निर्माणाधीन 5 मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई है। इस हादसे के बाद कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बुधवार सुबह से ही दिल्ली में भारी बारिश का दौर जारी है। इस बीच रोहिणी के सेक्टर 16 में निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस को शाम करीब 4 बजकर 20 मिनट पर मदद के लिए कॉल मिली और दमकल की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बचाव टीम अब तक कई लोगों को मलबे से बाहर निकाल चुकी है और अन्य लोगों को बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
मलबे के नीचे कई लोगों के गंभीर रूप से दबे होने और फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और बिना वक्त गंवाए मामले की सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी।
मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन, दमकल विभाग और अन्य संबंधित राहत एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और भारी अमले के साथ मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल, युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
दमकल की 4 गाड़ियां तैनात
मलबे को तेजी से हटाने और उसमें फंसे मासूम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दमकल विभाग की 4 गाड़ियां लगातार मौके पर मुस्तैद हैं।
आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके। पुलिस और राहत कर्मी स्थानीय लोगों की मदद से बेहद सावधानीपूर्वक मलबे को हटाने में जुटे हैं ताकि अंदर फंसे लोगों की जान बचाई जा सके। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।