हरियाणा में घनी धुंध, विजिबिलिटी जीरो
हरियाणा में सोमवार सुबह फिर कड़ाके की ठंड के साथ धुंध पड़ी। कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में विजिबिलिटी जीरो से 50 मीटर तक रही।
नारनौल में फसलों और पानी की पाइपों पर पाला जम गया। गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव में बाहर खड़ी बाइक की सीट पर पाला जम गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
सोमवार सुबह गुरुग्राम सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा, नारनौल 1.2, भिवानी 1.5, सोनीपत 1.6 और सिरसा में 1.7 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में -0.8°C की गिरावट आई है। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से -3°C नीचे है।
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण प्रदेश में ठंड बढ़ती जा रही है। ठंड का प्रकोप न केवल रात में, बल्कि दिन में भी देखने को मिल रहा है। इस वजह से लोगों को दिन और रात हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में धुंध और शीतलहर का प्रकोप 14 जनवरी तक जारी रहेगा। 15 जनवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हरियाणा और दिल्ली NCR में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग ने इम्पैक्ट बेस्ड फोरकास्ट के जरिए चेतावनी जारी की है कि घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रहेगी, जिससे यातायात और विमान सेवाओं पर असर पड़ सकता है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि ठंड के लंबे समय तक संपर्क में रहने से फ्लू, नाक बहना और फ्रॉस्ट बाइट (त्वचा का सुन्न या काला पड़ना) जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पर्याप्त मात्रा में गर्म तरल पदार्थ पिएं और विटामिन-सी युक्त फल खाएं। कोहरे के दौरान ड्राइविंग करते समय फॉग लाइट्स का उपयोग करें और धीमी गति से चलें। हीटर का उपयोग करते समय वेंटिलेशन (हवा का रास्ता) बनाए रखें ताकि जहरीली गैसों से बचाव हो सके।