{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Government Schemes News 2026: भिवानी में 'धन संवाद' के तहत एमएसएमई जागरूकता शिविर: 40 उद्यमियों ने लिया भाग, मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी

भिवानी में 'धन संवाद' कार्यक्रम के तहत एमएसएमई जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। जानें सरकारी योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और साइबर सुरक्षा पर दी गई जानकारी।

 

 ‘धन संवाद’ कार्यक्रम के तहत एमएसएमई  जागरूकता शिविर का आयोजन, 40 उद्यमियों ने लिया भाग

भिवानी, 21 नवंबर।  फाउंडेशन फॉर एमएसएमई क्लस्टर्स एवं महिंद्रा फाइनेंस के सीएसआर सहयोग से संचालित ‘धन संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत भिवानी में सरकारी विभागों के सहयोग से एमएसएमई जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिवानी क्षेत्र के लगभग 35-40 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में एमएसएमई विभाग के उपनिदेशक कार्यालय की ओर से सतीश रोहिल्ला जी ने विशिष्ट अतिथि  के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हरियाणा सरकार द्वारा एमएसएमई क्षेत्र के विकास, प्रोत्साहन एवं उद्यमियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर एनयूएलएम विभाग की प्रभारी ज्योति पांचाल ने भी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप भाग लिया और अपने विभाग के माध्यम से उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा उपलब्ध सहायता के बारे में विस्तार से बताया।

वहीं, जिला उद्योग केंद्र  की ओर से वरिष्ठ अधीक्षक अजय कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने उद्यमियों को विभागीय योजनाओं एवं सरकारी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान ‘धन संवाद’ कार्यक्रम के स्टेट मैनेजर साजन मिड्ढा ने एमएसएमई उद्यमियों को विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल सेवाओं एवं वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डिजिटल लॉकर, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम,  प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, क्रेडिट गारंटी योजना,  प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना,  प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं पब्लिक प्रोविडेंट फंड जैसी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने उद्यमियों को साइबर सुरक्षा टूल्स एवं डिजिटल लेन-देन के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्यएमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सरकारी विभागों से जोड़कर उनके व्यवसाय के विकास के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने विभिन्न योजनाओं को लेकर रुचि दिखाई और विभागीय प्रतिनिधियों से संवाद कर अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

पांचाल ने कहा कि ‘धन संवाद’ जैसी पहल एमएसएमई उद्यमियों और सरकारी विभागों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रही है, जिससे छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, वित्तीय रूप से सशक्त बनने तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिल सके।