Dharmendra Pradhan Resigns: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले मनीष सिसोदिया- 'GenZ को सलाम, मोदी को झुकना पड़ा'
जंतर-मंतर पर CJP के महीनेभर चले आंदोलन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर आम आदमी पार्टी नेताओं ने खुशी जाहिर की है। मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने देश के युवाओं और GenZ की ताकत को सलाम किया।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीते 20 जून से जारी कॉकरोच जनता पार्टी का धरना-प्रदर्शन आखिरकार रंग लाया और आंदोलन शुरू होने के करीब महीनेभर बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे की खबर आने के बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसके लिए देश के युवाओं को बधाई दी और जेन-जी को सलाम कहा। उधर पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा, 'जिस और जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता हैं, इसके बाद अब देश में हर गलती की जवाबदेही तय होगी।'
मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट में लिखा, 'देश की युवा शक्ति को सलाम … GenZ को सलाम .. हरेक आंदोलनकारी को सलाम। एक भ्रष्ट शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। मोदी को GenZ के सामने झुकना पड़ा।'
‘अब देश में हर गलती की जवाबदेही तय होगी’
उधर पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफो को लेकर कहा, 'युवा शक्ति जिंदाबाद, छात्र शक्ति जिंदाबाद। जिस और जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है। देश के करोड़ों युवाओं ने अपने आंदोलन की बदौलत कुम्भकरण की नींद में सो रही मोदी सरकार को जगाया और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने के लिए मजबूर किया। पेपर लीक से शुरू हुई लड़ाई, रोजगार तक जाएगी। इसके बाद अब देश में हर गलती की जवाबदेही तय होगी। आंदोलन के विजय की बधाई। जय हिंद'