{"vars":{"id": "123258:4912"}}

डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की सांकेतिक हड़ताल
 

 

भिवानी :

विकास कार्यो की रीढ़ और सरकार तथा आम जनता के बीच सेतु का कार्य करने वाले डिप्लोमा इंजीनियर्स को अपने ही जायज हकों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

अपनी विभिन्न मांगों मुख्य रूप से एश्योर्ड कैरियर प्रोग्रेशन (एसीपी) लाभ में हो रही अत्यधिक देरी के विरोध में डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन ने मंगलवार को स्थानीय महम रोड़ स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की।

एसोसिएशन ने उच्चाधिकारियों पर काम में ढिलाई और कुछ कर्मचारियों पर कामचोरी का आरोप लगाया, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। एसोसिएशन के विरोध का मुख्य कारण कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) को मिलने वाले एसीपी लाभ का वर्षों से लंबित होना है।

सरकार की नीति के अनुसार कनिष्ठ अभियंताओं को 8 साल, 16 साल और 24 साल की सेवा पूरी करने पर एसीपी लाभ दिए जाने का प्रावधान है, जिससे उनकी तनख्वाह में बढ़ोतरी होती है।
     इस मौके पर डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान संजय जैन ने कहा कि भिवानी के कुछ उच्च अधिकारी तथा मंडल व सर्किल कार्यालय के लापरवाह कर्मचारी इस मामले में बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि बार-बार डिवीजन और सर्किल कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद बहुत से कनिष्ठ अभियंताओं की एसीपी देय होने के बावजूद भी लंबित है।

जैन ने कहा कि यह अत्यंक निदंनीय है कि वर्षो से चक्कर काटने के बावजूद भिवानी के कुछ उच्च अधिकारी तथा मंडल व सर्किल कार्यालय के कुछ कामचोर कर्मचारी इस बारे में कोई ध्यान नहीं दे रहे तथा अब भी परिणाम शून्य है।
     एसोसिएशन ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रमुख अभियंता पंचकूला की ओर से इस संबंध में एक पत्र जारी किया जा चुका है, जिसमें प्रतिवर्ष समयबद्ध एसीपी लाभ देने की स्पष्ट हिदायत दी गई थी।

इसके बावजूद स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय के इस महत्वपूर्ण निर्देश की भी कोई अहमियत नहीं समझ रहे हैं। एक गंभीर उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि जयप्रकाश एसडीओ जो जुलाई में विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उनकी एसीपी भी 2020 से लंबित है।
     इस दरौरान एसोसिएशन ने संबंधित अधिकारियों को 24 नवंबर तक का अंतिम समय दिया है। यदि इस समय सीमा तक एसीपी लाभ संबंधी समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकाला जाता है तो एसोसिएशन ने 25 तारीख से कोई ठोस निर्णय लेने की चेतावनी दी है। उन्हांने चेतावनी दी कि उनके बड़े आंदोलन के कारण जलापूर्ति और सीवरेज सिस्टम बाधित हो सकता है और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
     इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव महेंद्र सिंह, श्रीभगवान शर्मा और बिजेश कुमार जावला ने भी संगठन को संबोधित किया। हड़ताल में ताजुद्दीन, अरविंद, कपिल श्योराण, दिनेश, मनजीत सिवाच, दीपक, आशीष जेई के अलावा रवि ग्रेवाल, जयप्रकाश तथा नवीन उप मंडल अभियंता आदि उपस्थित रहे।