{"vars":{"id": "123258:4912"}}

विभिन्न मांगों को लेकर जिला शारीरिक शिक्षक संगठन ने डीईओ को सौंपा मांग पत्र

 

भिवानी :

जिला शारीरिक शिक्षक संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलावार को जिला कार्यकारी प्रधान सुनील कुमार के नेतृत्व में भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया से मिला तथा जिला के पीटीआई व डीपीई से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

मांग पत्र में संगठन ने वर्ष 2020 एवं 2023 में नियुक्त हुए पीटीआई को जल्द से जल्द स्थाईकरण एवं कंफर्मेशन देने की मांग की। साथ ही वर्ष 2019 में नियुक्त डीपीई का मामला निदेशालय स्तर पर लंबित है, जिसे जल्द सिफारिश कर स्थाई किया जाए।

कार्यकारी प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि संगठन ने डीईओ के समक्ष यह भी मांग रखी कि महानिदेशक, मौलिक शिक्षा विभाग हरियाणा के आदेशों के अनुसार जिले में एईईओ के पद पर जिले के सबसे सीनियर डीपीई या पीटीआई को ही नियुक्त किया जाए।

वर्ष 2000 और 2004 में नियुक्त हुए पीटीआई की लंबे समय से लंबित एसीपी किया जाए। इसके साथ ही, शिक्षा विभाग द्वारा आगामी समय में होने वाली शिक्षक ट्रांसफर ड्राइव में डीपीई और पीटीआई की पोस्ट को अलग-अलग खोला जाए, ताकि किसी भी डीपी को जिले से बाहर ट्रांसफर न किया जाए।

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आपत्ति जताई कि हाल ही में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पर तैनात पीटीआई व डीपीई को एक ही दिन में रिलीव कर दिया गया, जो कि अनुचित था। संगठन ने आग्रह किया कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।

इसके अलावा संगठन ने मांग की कि भिवानी में होने वाली 69वीं नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के सभी पीटीआई और डीपीई की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनी और सभी पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि सभी उचित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष मोतीलाल जांगड़ा, उप प्रधान शमशेर सिंह, उप प्रधान अजमेर जांगड़ा, पूर्व राज्य प्रधान राजेश ढांडा, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र घनघस, पूर्व प्रदेश महासचिव बलवान सिंह, राज्य संगठन सचिव सोमदत्त शर्मा, भिवानी ब्लॉक प्रधान रमेश सांगवान, पूर्व ब्लॉक प्रधान जगबीर ग्रेवाल, डीपीई मनोज, डीपी गोपाल, डीपीई उदिता, डीपीई संदीप शर्मा, पीटीआई रणवीर सिंह, डीपी बलजीत सिंह, पीटीआई नसीब सिंह आदि शामिल रहे।