वर्ष 2025 में जिला पुलिस भिवानी की सख्त कार्रवाई से अपराध पर नकेल
भिवानी, जिला पुलिस भिवानी द्वारा वर्ष 2025 में पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के मार्गदर्शन में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं ठोस कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। इसके परिणामस्वरूप जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित हुआ है।
डीएसपी ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान जिला पुलिस भिवानी ने 07 अपराधिक गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इन गिरोहों का संबंध हत्या के प्रयास, एक्सटॉर्शन, पशु चोरी, तार चोरी, वाहन चोरी जैसी गंभीर वारदातों से था। पुलिस ने इन गिरोहों द्वारा की गई 63 वारदातों को सुलझाते हुए 140 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस द्वारा अवैध हथियार, कारतूस, तलवार, कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल, कार, मोबाइल फोन, ठंडा चोरी किए गए बिजली तार सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आरोपियों से ₹ 7 लाख 92 हज़ार 800 रु नकद राशि भी बरामद की है।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा वर्ष 2025 में 285 उद्घोषित अपराधियों तथा 163 बेल जंपरों को गिरफ्तार किया गया। वहीं विभिन्न गंभीर मामलों में फरार चल रहे 22 ईनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इसके साथ ही 66 आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली गई।
वहीं मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस भिवानी द्वारा एक आरोपी की संपत्ति को अटैच करने की प्रक्रिया भी विधि सम्मत रूप से अमल में लाई गई।
अनूप कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में वाहन चोरी, दोपहिया वाहन चोरी एवं घरों में चोरी की वारदातों में कमी दर्ज की गई है। प्रभावी पुलिस कार्रवाई के चलते डकैती एवं लूट की घटनाओं में भी वर्ष 2024 की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत तक कमी आई है।
इसके अतिरिक्त अवैध शराब बिक्री, जुआ अधिनियम, सट्टा, धोखाधड़ी जैसे अपराधों में भी पुलिस की सख्त कार्रवाई के चलते वर्ष 2025 में कम अभियोग दर्ज हुए, जो कानून व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा वर्ष 2025 में थाना शहर भिवानी, थाना तोशाम, थाना सिविल लाइन भिवानी एवं थाना सदर भिवानी में दर्ज ब्लाइंड मर्डर के मामलों को सुलझाने में सफलता प्राप्त की गई। साथ ही पुलिस ने 10 स्नैचिंग की वारदातों को भी सुलझाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में महिला विरुद्ध अपराध छेड़खानी व घरेलू हिंसा में कमी दर्ज की गई।
भिवानी पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में चलाए गए ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत नशा, शराब व जुआ आदि अनैतिक हॉटस्पॉटों को चिन्हित कर ऐसे 850 स्थान पर सर्च व रेड की गई थी जो इस अभियान के तहत पुलिस ने 48 अभियोग दर्ज करके 419 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वही भिवानी पुलिस के द्वारा अन्य राज्यों से 108 इंटेलिजेंट्स रिपोर्ट साझा की गई थी पुलिस ने अभियान के दौरान मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 649 जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता की थी। जिला पुलिस के द्वारा अभियान के दौरान दो को किलो 82 ग्राम मादक पदार्थ चरस, 17 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्ट व 162 ग्राम अफीम बरामद घर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं जिला पुलिस के द्वारा अभियान में 615 बोतल शराब देसी, 11 बोतल शराब अंग्रेजी व 20 बोतल बियर की बरामद करने में सफलता हासिल की गई थी। इसके साथ ही पुलिस ने बिना लाइसेंस के शराब की भट्टी लगाकर अवैध शराब तैयार 40 लीटर शराब और 500 लीटर लाहन बरामद किया गया था। जिला पुलिस के द्वारा जुआ व सट्टा खेलने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 एक लाख 81 हजार 870 रुपए बरामद किए गए थे ,अभियान के दौरान पुलिस ने 8 अवैध पिस्तौल बरामद कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। इसके साथ ही पुलिस ने अभियान के दौरान चोरी की वारदातों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए मोबाइल फोन, घरों से चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषण व रुपए बरामद करने में सफलता हासिल की थी।
डीएसपी अनूप कुमार ने कहा कि जिला पुलिस भिवानी आमजन की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और अगले वर्ष में भी अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
भिवानी पुलिस ने वर्ष 2025 में आम जनता से ऑनलाइन व साइबर अपराधियों के द्वारा धोखाधड़ी करने के मामले में 148 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की वहीं पुलिस के द्वारा 4 करोड़ 19 लाख 7 हज़ार 417 रुपए धोखाधड़ी से बचाए गए थे , वर्ष 2025 में आम नागरिकों, विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए 135 जागरूकता कार्यक्रम करवाए गए।