{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Deepender Hooda News 2026: कांग्रेस की नई शहरी महिला जिला अध्यक्ष बनीं डॉ. स्वाती भारद्वाज: जताया शीर्ष नेतृत्व व दीपेंद्र हुड्डा का आभार

भिवानी में कांग्रेस की नई शहरी महिला जिला अध्यक्ष डॉ. स्वाती भारद्वाज ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और महिला चौपाल व बूथ रक्षक अभियान पर जोर दिया।
 

कांग्रेस की नई शहरी महिला जिला अध्यक्ष बनीं डॉ. स्वाती भारद्वाज, शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार।

दीपेंद्र हुड्डा ने मुझ पर विश्वास जताकर सौंपी जिम्मेदारी, पूरी ईमानदारी से निभाऊंगी: डॉ. स्वाती भारद्वाज।

भिवानी में कांग्रेस की नवनियुक्त शहरी महिला जिला अध्यक्ष डॉ. स्वाती भारद्वाज ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। डॉ. स्वाती ने महिलाओं को अधिक से अधिक कांग्रेस संगठन से जोड़ने, उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और राहुल गांधी के वोट चोरी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने महिला चौपाल और बूथ रक्षक कार्यक्रम को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं बताईं।

डॉ. स्वाती भारद्वाज ने शहरी महिला जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर राहुल गांधी, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, हरियाणा महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से सांसद दीपेंद्र हुड्डा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने उन पर विश्वास जताकर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

डॉ. स्वाती ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे वोट चोरी अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी के बूथ रक्षक कार्यक्रम के तहत जिन लोगों के वोट गलत तरीके से काटे गए हैं, उनके वोट दोबारा जुड़वाने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. स्वाती भारद्वाज ने कहा कि महिला कांग्रेस की ओर से महिला चौपाल कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव और प्रत्येक वार्ड में महिला चौपाल आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं रखने के लिए सुरक्षित मंच मिलेगा और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकालकर विकास और राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ना है। अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस संगठन से जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाएगा।

वहीं इस मौके पर पूर्व विधायक शिवशंकर भारद्वाज ने भी डॉ. स्वाती भारद्वाज को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. स्वाती पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी और महिलाओं को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ने का काम करेंगी।

उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करने का अधिकार है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के मुद्दे पर उठाई गई आवाज का समर्थन किया और दावा किया कि देश में करीब साढ़े 13 करोड़ तथा हरियाणा में लगभग 25 लाख वोट काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का वोट गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए।

डॉ. स्वाती भारद्वाज ने एक बार फिर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह महिलाओं के हितों के लिए काम करने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगी। साथ ही उन्होंने मीडिया का भी आभार जताया और कहा कि मीडिया जनता की आवाज को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।