{"vars":{"id": "123258:4912"}}

उमरावत में पेयजल संकट गंभीर, तीन माह से ग्रामीण परेशान

 

भिवानी।

जिले के गांव उमरावत में पिछले तीन महीनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है, जिसके कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। गांव में नियमित जलापूर्ति न होने से लोग पीने के पानी जैसी बुनियादी आवश्यकता के लिए भी भटकने को मजबूर हैं।
ग्रामीण संदीप कुमार, घनश्याम, राधेश्याम, मनोज कुमार, रवि ने बताया कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही लोग पानी की व्यवस्था के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आते हैं, जिससे उनका काफी समय और श्रम व्यर्थ हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन ही मिलते रहे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि उक्त समस्या से अवगत करवाने के बाद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, क्षेत्रीय विधायक तथा सांसद को भी अवगत करवाया गया, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं की जा रही है।

इससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है और लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों से उम्मीदें थीं कि इस समस्या का जल्द समाधान होगा, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी हालात नहीं बदले हैं। गांव में पानी की किल्लत के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और लोगों को मजबूरी में निजी स्तर पर महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है।
ग्रामीण महिला रोशनी, भतेरी, पूनम, नीलम, कलावती ने बताया कि उन्हें सुबह-शाम पानी की व्यवस्था के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उनके घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की देखभाल पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में पेयजल आपूर्ति को तुरंत सुचारू किया जाए और स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द उक्त समस्या का समाधान नहीं किया गया वे कडा कदम उठाने पर मजबूर होंगे।