{"vars":{"id": "123258:4912"}}

डीसी के सख्त आदेशोंं के चलते सब्जी मंडी परिसर नजर आया साफ-सुथरा

 

भिवानी  

हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 का असर दिखाई देना शुरु हो गया है। डीसी साहिल गुप्ता के शहर में निरीक्षण और अधिकारियों को सख्त आदेशों के चलते सब्जी मंडी परिसर मंगलवार को बारिश के दौरान भी साफ-सुथरा नजर आया। इससे यहां फल-सब्जी खरीदने आने वाले लोगों ने भी राहत महसूस की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार प्रदेश में हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान शुरु किया गया है। अभियान को भिवानी शहरी क्षेत्र में धरातल पर अमलीजामा पहनाने के लिए डीसी गुप्ता ने विशेष कार्ययोजना बनाई। शहर में गंदगी की समस्या का जायजा लेने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपी।
वहीं दूसरी तरफ डीसी ने सोमवार को स्वयं अधिकारियों को साथ लेकर शहर में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया, जिनमें भिवानी का सब्जी मंडी क्षेत्र भी शामिल था।

निरीक्षण के दौरान डीसी को यहां पर गंदगी का आलम नजर आया। जगह-जगह कूड़ा और कचरा पड़ा हुआ था। मंडी के अंदर रोड़ भी साफ नहीं थे। आसपास क्षेत्र के लोगों ने भी मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था दुरूस्त नहीं होने की शिकायत की थी।
मंडी परिसर में गंदगी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने उसी समय मौके पर मौजूद मार्केट कमेटी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था हर हाल में दुरूस्त होनी चाहिए। कूड़े और कचरे का उठान नियमित रूप से हो।

डीसी ने अधिकारियों को दो टूक कहा था कि उनको इस बात से कोई मतलब नहीं है कि कूड़ा-कचरा कौन और किस टाइम डालता है,  लेकिन गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए।
डीसी के सख्त आदेशों पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करना शुरु किया, जिसका असर मंगलवार को सुबह दिखाई देना शुरु हो गया। बारिश के दौरान भी मंडी परिसर साफ-सुथरा नजर आया। इससे यहां सामान खरीदने आने वाले लोगों ने बड़ी राहत महसूस की।