{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana High Powered Works Committee: फरीदाबाद के सीही और बुधेना गांवों की बदलेगी तस्वीर, बुनियादी सुविधाओं पर खर्च होंगे करोड़ों

फरीदाबाद में 52.87 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर मंजूर। नए नगर निगम भवन के साथ सीही और बुधेना गांवों में पेयजल, सीवरेज व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होगी मजबूत।

 

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल आज चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित 'हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी' की उच्चस्तरीय बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र से संबंधित 52.87 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले तीन प्रमुख विकास कार्यों के टेंडर रेट पर विस्तार से विचार-विमर्श कर उन्हें मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं के तहत फरीदाबाद-बल्लभगढ़ नगर निगम के नए कार्यालय भवन का ₹20.32 करोड़ की लागत से निर्माण किया जाएगा। यह नया भवन नगर निगम के संस्थागत बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेगा, जिससे प्रशासनिक संचालन और नागरिक सेवाओं का प्रबंधन और अधिक सुगम हो सकेगा।

💧 गांव सीही और बुधेना में सुधरेंगी बुनियादी सुविधाएं: पेयजल, सीवरेज, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट के लिए जारी हुए बजट

बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास पर जोर देते हुए गांव सीही (वार्ड नंबर 39) के लिए 18.70 करोड़ रुपये (नेगोशिएशन के बाद ₹17.77 करोड़) तथा गांव बुधेना (वार्ड नंबर 35) के लिए 13.85 करोड़ रुपये की बुनियादी विकास परियोजनाओं के टेंडर स्वीकृत किए गए। इन दोनों गांवों में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज नेटवर्क, जल निकासी प्रणाली और आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद हरियाणा का एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सर्वसमावेशी विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।