Faridabad Safai Karamchari Strike Ended: फरीदाबाद में 37 दिन बाद खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, काम पर लौटे कर्मचारी
फरीदाबाद: पूरे हरियाणा में पिछले 37 दिनों से चली आ रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शनिवार सुबह शहर की सफाई व्यवस्था फिर से शुरू हो गई. सरकार के साथ मांगों पर सहमति बनने के बाद सफाई कर्मचारी अपने काम पर लौट आए और अलग-अलग इलाकों में जमा कूड़े को हटाने में जुट गए.
सड़कों और बाजारों में फिर नजर आए सफाईकर्मी: शहर की सड़कों, बाजारों और गलियों में शनिवार सुबह सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाते नजर आए. कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई अभियान शुरू किया. बाजारों में झाड़ू लगाने के साथ गलियों, नालियों और घरों के बाहर लंबे समय से जमा कूड़े को हटाने का काम किया गया.
37 दिन में कई इलाकों में लगे गंदगी के ढेर: लंबे समय तक सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने के कारण शहर के कई हिस्सों में कूड़े और गंदगी के ढेर जमा हो गए थे. अब नगर निगम और सफाई कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन इलाकों को जल्द साफ कर व्यवस्था को सामान्य करना है. प्राथमिकता के आधार पर ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में सफाई कराई जा रही है.
16 मांगों पर सरकार से मिला आश्वासन: नगर निगम सफाई कर्मचारी नेता बलबीर सिंह गुलेरिया ने कहा कि, "सरकार के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों को लेकर सहमति बनी है. मुख्यमंत्री की ओर से सफाई कर्मचारियों की 16 मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है. बैठक में कर्मचारियों की ओर से राज्य प्रधान नरेश शास्त्री भी मौजूद रहे."
वार्ता के बाद कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल: सरकार के साथ बातचीत और मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल समाप्त करने की अपील की. इसके बाद शनिवार सुबह सफाई कर्मचारी अपने काम पर लौट आए. 37 दिनों तक बंद रही सफाई व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए अब विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
जल्द शहर को साफ करने पर रहेगा फोकस: बलबीर सिंह गुलेरिया ने आगे कहा कि, "37 दिनों की हड़ताल के दौरान शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं. अब हमारा फोकस जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को सामान्य करने पर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पहले शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा."
दुकानदारों ने जताई राहत: वहीं, स्थानीय दुकानदार गोपाल गर्ग ने कर्मचारियों के काम पर लौटने का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि, "लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बाजारों और आसपास की गलियों में काफी गंदगी जमा हो गई थी. अब कर्मचारियों के लौटने से धीरे-धीरे हालात सुधरने की उम्मीद है."
बता दें कि सफाई कर्मचारियों की वापसी से शहरवासियों को राहत जरूर मिली है, लेकिन 37 दिनों से जमा कूड़े को हटाना बड़ी चुनौती है. आने वाले दिनों में नगर निगम को तेजी से सफाई अभियान चलाकर सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों की व्यवस्था पूरी तरह सामान्य करनी होगी.