किसान नेता चढ़ूनी ने DFSC को मारा थप्पड़
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बुधवार (15 अक्टूबर) को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) राजेश कुमार को थप्पड़ जड़ दिया।
किसान गुरनाम सिंह चढ़ूनी के नेतृत्व में धान की खरीद को लेकर धरना देने के लिए कुरुक्षेत्र के लघु सचिवालय में पहुंचे थे। विवाद के बाद चढ़ूनी समेत 10-15 किसानों को हिरासत में लेकर झांसा थाने भेजा गया है।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान (जीरी) लेकर लघु सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन पर धान की खरीद नहीं करने का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू किया था। इसी दौरान उन्होंने किसानों को लघु सचिवालय पर एकत्र होने की कॉल दी थी।
गिरफ्तारी से पहले चढ़ूनी ने आरोप लगाया था कि DFSC भ्रष्ट अधिकारी है। उनका कहना था कि DFSC ने उनकी आढ़त की दुकान और उनकी खुद की धान के उठान के लिए RO जारी नहीं किया। साथ ही उन्होंने प्रशासन पर किसानों की धान की खरीद और उठान में भेदभाव करने के आरोप लगाए।
इस घटना के बाद भाकियू पिहोवा चढ़ूनी के समर्थन में सामने आ गई है। पिहोवा इकाई के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने आरोप लगाया कि अधिकारी किसानों की सुनवाई नहीं कर रहे हैं और धान में नमी के नाम पर कट लगाकर किसानों को लूटा जा रहा है।