{"vars":{"id": "123258:4912"}}

फतेहाबाद: शराब ठेकों को लूटने वाले पंजाब-हरियाणा गिरोह का भंडाफोड़

फतेहाबाद पुलिस ने शराब ठेकों पर लूटपाट करने वाले 3 सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया। आरोपी पंजाब से आकर वारदात को अंजाम देते थे। हथियार और नकदी बरामद।

 

फतेहाबाद : फतेहाबाद पुलिस ने पंजाब में आकर हरियाणा की शराब के ठेकों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने इस मामले में मानसा के 2 और फतेहाबाद की जाखल के रहने वाले एक युवक को काबू किया है। पुलिस ने इन 3 युवकों की गिरफ्तारी कर पिस्तौल व अन्य हथियार बनामद कर लिए हैं। 

इन तीनों युवको के द्वारा गांव रुपावाली एवं खासवा गांव स्थित शराब ठेकों पर हुई लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपी युवकों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध 32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर का देशी कट्टा तथा वारदात में प्रयुक्त गंडासी भी बरामद कर ली है।

इस मामले में प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए एएसपी दिव्याशी सिंगला ने बताया कि 2 जुलाई, 2026 की रात गांव रुपावाली व खासवा स्थित शराब ठेके पर भी हमला कर सेल्समैन से मारपीट करते हुए 14,000 व 30 हजार की नकद एवं शराब लूट ली। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की और सिकंदर निवासी रत्ताथेह जाखल और विजय उर्फ चांदी निवासी मानसा पंजाब को गिरफ्तार किया। इनके खुलासे पर तीसरे आरोपी जश्न सिंह उर्फ राठा निवासी कुलरिया, तहसील बुढलाडा, जिला मानसा (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया। 

बता दें कि जश्न और विजय दोनों ही पंजाब के रहने वाले हैं और हरियाणा में वारदात को अंजाम देकर पंजाब भाग जाते थे। सिकंदर निवासी जाखल का दोस्त था और हरियाणा में रहकर उनकी मुखबरी करता था और वारदात में साथ रहता था।सिकंदर पर हत्या के मामले में पहले एक केस दर्ज है और उसमें फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 5000 पर का इनाम भी घोषित कर रखा था।