{"vars":{"id": "123258:4912"}}

न्याय के मंदिर में गोली चलाना और आरोपी का फरार होना है व्यवस्था की विफलता : प्रदीप गुलिया जोगी 

 

भिवानी:

गुरुवार को भिवानी के कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े चली गोली की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। इस घटना ने ना केवल आम जनता बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष  प्रदीप गुलिया जोगी ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला है और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदीप गुलिया जोगी ने जारी प्रैस ब्यान में कहा कि भाजपा शासनकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प हो चुकी है।

उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि न्याय के मंदिर कहे जाने वाले कोर्ट परिसर में, जहां जज, अधिवक्ता और पुलिसकर्मियों का भारी हुजूम मौजूद रहता है, वहां पर गोली चलाना और आरोपी का आसानी से फरार हो जाना सरकार और प्रशासन की घोर विफलता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाली का आईना दिखा रही है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष  प्रदीप गुलिया ने सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने घरों से बाहर निकलने की भी फुर्सत नहीं रखते।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह से निष्क्रिय है और जनता की सुरक्षा के प्रति लापरवाह हो चुकी है। प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला निकल चुका है और आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि यह सरकार की प्रशासनिक कमजोरी को भी दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत इस मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलानी चाहिए।