स्वर्ण पदक विजेता जैस्मिन लंबोरिया का भव्य स्वागत
भिवानी :
खेल नगरी भिवानी की बेटियों का डंका विश्व स्तर पर बज रहा है। इसी कड़ी में बीते दिनों आयोजित हुए विश्व मुक्केबाजी कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया का बुधवार को भिवानी में जोरदार स्वागत किया गया।
स्थानीय घंटाघर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में आयोजित एक सम्मान समारोह में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने जैस्मिन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान बैंक के माहौल में उत्साह देखते ही बन रहा था। जैस्मिन के बैंक परिसर में पहुंचते ही एसबीआई के अधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक रमाशंकर, मुख्य प्रबंधक अमित पन्नु, प्रबंधक एनके रंगा, उप प्रबंधक राकेश डुडेजा और सहायक मैनेजर रिंकू कुमारी, विकास ढ़ाका व ऋषिपाल ने जैस्मिन को पुष्प गुच्छ भेंट किए और उनकी जीत की बधाई दी। बैंक अधिकारियों ने जैस्मिन की खेल के प्रति निष्ठा, कड़ी मेहनत और लगन की जमकर सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मैडल जीतना ना केवल जैस्मिन और उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे भिवानी जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक रमा शंकर और अन्य अधिकारियों ने एक साझा संदेश में कहा कि जैस्मिन की यह जीत केवल एक पदक तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि जैस्मिन लंबोरिया आज समाज की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त स्रोत बन गई हैं।
उनकी सफलता को देखकर अन्य बेटियां भी अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानने और अपने-अपने क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित होंगी। जब बेटियां आगे बढ़ती हैं, तो वे न केवल अपना बल्कि पूरे राष्ट्र का नाम रोशन करती हैं। बैंक स्टाफ ने जैस्मिन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह देश के लिए मेडल लाती रहेंगी।