{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सीताराम शास्त्री स्कूल की छात्रा हनीषा ने नेशनल कराटे चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण पदक
 

शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अव्वल है भिवानी की बेटियां : प्राचार्या सोनिया कौशिक
 
 

भिवानी, 05 मई : खेलों की नगरी भिवानी की प्रतिभाओं का लोहा अब पूरा देश मान रहा है। इसी कड़ी में स्थानीय महम गेट स्थित पंडित सीताराम शास्त्री गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हनीषा ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप की अंडर-14 आयु वर्ग में अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। इस शानदार जीत ने न केवल स्कूल, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने के बाद जब हनीषा विद्यालय परिसर पहुंची, तो वहां का माहौल उत्सव जैसा था। हरियाणा शेखावटी ब्रह्मचर्य आश्रम समिति के प्रशासक शुकदेव मुनि और विद्यालय की प्राचार्या सोनिया कौशिक ने विजेता छात्रा का फूल-मालाओं और मिठाई के साथ भव्य स्वागत किया।

इस दौरान अन्य छात्राओं में भी अपनी सहपाठी की जीत को लेकर भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर हरियाणा शेखावटी ब्रह्मचर्य आश्रम समिति के प्रशासक शुकदेव मुनि ने हनीषा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि हनीषा की यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत और अटूट एकाग्रता का परिणाम है। कराटे केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और अनुशासन का संगम है। हमारी संस्था का सदैव यही लक्ष्य रहा है कि बेटियां हर क्षेत्र में सशक्त बनें। प्राचार्या सोनिया कौशिक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज विद्यालय परिवार के लिए यह अत्यंत गौरवशाली क्षण है। हनीषा ने सोलन की नेशनल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि हमारे स्कूल की बेटियां शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी अव्वल हैं। हम विद्यालय में छात्राओं को सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हनीषा की यह जीत अन्य छात्राओं के लिए एक प्रेरणा का कार्य करेगी, जिससे वे अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए प्रेरित होंगी। कराटे जैसी चुनौतीपूर्ण विधा में दो-दो स्वर्ण पदक जीतना उनकी तकनीकी दक्षता और शारीरिक क्षमता को दर्शाता है।